...तो T20 वर्ल्ड कप से बांग्लादेश का कटेगा पत्ता, स्कॉटलैंड की होगी एंट्री? ICC ने BCB को दी डेडलाइन
मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल फ्रेंचाइजी केकेआर के स्क्वाड से रिलीज किए जाने के बाद से टी20 वर्ल्ड कप को लेकर नखरे दिखा रहे बांग्लादेश को झटका लग सकता है। एक रिपोर्ट के मुताबिक आईसीसी ने बांग्लादेश की मांग ठुकरा दी है। उसे 21 जनवरी तक फैसला लेने को कहा गया है, जिसके बाद आईसीसी अपना फैसला सुनाएगी।

मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल फ्रेंचाइजी केकेआर के स्क्वाड से रिलीज किए जाने के बाद से टी20 वर्ल्ड कप को लेकर नखरे दिखा रहे बांग्लादेश को झटका लग सकता है। ईएसपीएन क्रिकइन्फो की एक रिपोर्ट के मुताबिक आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को दो टूक कह दिया है कि न तो उसके भारत में होने वाले मैच कहीं और शिफ्ट किए जाएंगे और न ही किसी टीम के साथ उसके ग्रुप की अदला-बदली होगी। अगर बांग्लादेश भारत में खेलने से इनकार करता है तो वर्ल्ड कप से उसका पत्ता भी कट सकता है और उसकी जगह किसी नई टीम को एंट्री मिल सकती है।
जारी गतिरोध को लेकर दो दिन पहले ढाका में आईसीसी और बीसीबी के अधिकारियों की बातचीत हुई। बांग्लादेश इस पर अड़ा हुआ है कि वह वर्ल्ड कप तो खेलेगा लेकिन उसके मैच भारत से बाहर कराए जाए। अब आईसीसी ने उसे 21 जनवरी तक की डेडलाइन दे दी है। अगर तब तक बांग्लादेश अपने रुख पर अड़ा रहता है तो आईसीसी उसकी विश्व कप में भागीदारी को लेकर अंतिम फैसला सुनाएगी।
तीन हफ्ते से नहीं निकला कोई हल
बांग्लादेश ने 4 जनवरी को आईसीसी को खत लिखकर टी20 वर्ल्ड कप के अपने ग्रुप मैच भारत से बाहर कराने की मांग की थी। बांग्लादेश ग्रुप सी में है और उसे अपने सारे ग्रुप मैच भारत में ही खेलने हैं। उसका पहला मुकाबला कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ तय है। उसके बाद उसी मैदान पर उसे अपने अगले दो और मैच खेलने हैं और उसके बाद अपना आखिरी ग्रुप मैच मुंबई में खेलना है। बांग्लादेश ने भारत में नहीं खेलने के पीछे 'सुरक्षा कारणों' का जिक्र किया है। करीब 3 हफ्ते गुजर जाने के बाद भी आईसीसी और बीसीबी में बातचीत ही चल रही है लेकिन अब फैसले की घड़ी नजदीक आ गई है।
भारत में खतरे वाली बांग्लादेशी पैंतरेबाजी को आईसीसी ने किया खारिज
शनिवार को आईसीसी और बीसीबी के अधिकारियों में जो बातचीत हुई वो इस मुद्दे पर दोनों के बीच में दूसरी बैठक थी। बैठक में बीसीबी ने भारत में अपनी टीम और खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर कथित चिंताओं का मुद्दा उठाया। ईएसपीएन क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक आईसीसी ने उन चिंताओं को आधारहीन बताते हुए सिरे से खारिज कर दिया। दरअसल आईसीसी ने एक स्वतंत्र सुरक्षा एजेंसी की तरफ से भारत में वर्ल्ड कप मैचों की सुरक्षा का आंकलन कराया है। उसमें किसी भी मेहमान टीम को किसी तरह का कोई खतरा नहीं पाया गया है। आईसीसी ने वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रही सभी 20 टीमों को उस स्वतंत्र सुरक्षा एजेंसी की तरफ से तैयार की गई अडवाइजरी को भी भेजा है।
तो बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड खेलेगा वर्ल्ड कप?
ईएसपीएन क्रिकइन्फो ने आईसीसी-बीसीबी की चर्चा से वाकिफ सूत्रों के हवाले से बताया है कि आईसीसी अब 21 जनवरी तक बीसीबी के अंतिम फैसले का इंतजार कर रही है।। अगर बीसीबी अपनी टीम को भारत भेजने से इनकार करता है तो आईसीसी उसकी जगह पर किसी नई टीम का ऐलान कर सकती है। मौजूदा रैंकिंग के हिसाब से स्कॉटलैंड को तब वर्ल्ड कप की एंट्री मिल सकती है।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ें


