वैभव सूर्यवंशी ने पावरप्ले में जिस तरह बैटिंग की…; रजत पाटीदार भी हुए कायल, जानें RCB की हार पर क्या कहा

Apr 11, 2026 06:04 am ISTLokesh Khera लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

ध्रुव जुरेल ने भले ही आरसीबी के खिलाफ 81 रनों की नाबाद पारी खेली हो, मगर पावरप्ले में वैभव सूर्यवंशी ने जो धमाल मचाया उसने ही आरसीबी की हार की कहानी लिखी। रजत पाटीदार भी उनकी इस पारी के कायल हो गए।

वैभव सूर्यवंशी ने पावरप्ले में जिस तरह बैटिंग की…; रजत पाटीदार भी हुए कायल, जानें RCB की हार पर क्या कहा

वैभव सूर्यवंशी ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ आईपीएल 2026 के 16वें मुकाबले में 25 गेंदों पर 78 रनों की धमाकेदार पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 8 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के लगाए। 202 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने पहले 6 ओवर में ही 1 विकेट के नुकसान पर 97 रन बोर्ड पर लगा दिए थे। यह उनके आईपीएल इतिहास में पावरप्ले में बनाया गया अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इसमें वैभव सूर्यवंशी की अहम भूमिका रही। 15 गेंदों पर अर्धशतक जड़ने वाले वैभव ने पहले 6 ओवर में 18 गेंदों पर 57 रन बनाए। आरसीबी के कप्तान ने भी मैच के बाद कहा कि वैभव सूर्यवंशी की पारी ने ही आरआर और आरसीबी के बीच सबसे बड़ा अंतर पैदा किया।

रजत पाटीदार ने मैच के बाद कहा, "मुझे लगता है कि जिस तरह से हमने पावरप्ले में शुरुआत की, शुरुआती विकेट लिए, और वहां से 202 किए, मुझे लगता है कि यह हमारे लिए एक पॉजिटिव साइन है। और उसी तरह, जिस तरह से उनके बैट्समैन, खासकर वैभव ने पावरप्ले में बैटिंग की, मुझे लगता है कि इससे बहुत बड़ा अंतर पैदा हुआ।

(वेंकी अय्यर को इम्पैक्ट सब के तौर पर इस्तेमाल करने पर)

मुझे लगता है कि हम जैसे हैं, मुझे लगता है कि हमारे पिछले मैचों में वह शानदार था। लेकिन मुझे लगता है कि इस गेम से बहुत कुछ सीखने को मिला है।

सुयश को नहीं ला पाए, क्या इससे कोई फर्क पड़ा?

मुझे लगता है कि उतना नहीं क्योंकि वेंकी (वेंकटेश अय्यर), शेप्पी (रोमारियो शेफर्ड) और केपी (क्रुणाल पांड्या) वहां थे। इसलिए मुझे लगता है कि हमें अपने तीनों बॉलर्स के साथ उन ओवर्स को मैनेज करना होगा। मुझे लगता है कि इससे कोई बड़ा फर्क नहीं पड़ा।

मुझे लगता है कि अगर आप इस तरह का कॉम्पिटिटिव क्रिकेट खेल रहे हैं, खासकर IPL, तो बहुत सारी गलतियां होंगी। लेकिन इंपॉर्टेंट यह है कि आप इसे कैसे देखते हैं, और आपको अपनी गलतियों से सीखना होगा।"

कैसा रहा RR vs RCB मैच?

भारतीय क्रिकेट के 'धुरंधर' सूर्यवंशी के 26 गेंद में 78 रन की मदद से राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल के मैच में शुक्रवार को गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को छह विकेट से हराकर अपना अश्वमेधी अभियान जारी रखा। उनकी उम्र के बाकी बच्चे जहां दसवीं बोर्ड के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं, वहीं बिहार के समस्तीपुर के 15 वर्ष के इस लड़के ने आरसीबी जैसी दिग्गज टीम के खिलाफ 202 रन के लक्ष्य के जवाब में रॉयल्स को दो ओवर बाकी रहते एकतरफा जीत दिलाई। ध्रुव जुरेल ने 43 गेंद में नाबाद 81 रन बनाकर 'फिनिशर' की भूमिका बखूबी निभाई।

रॉयल्स को एक बार फिर धमाकेदार शुरूआत दी सूर्यवंशी ने जो इस सत्र में नामी गिरामी गेंदबाजों की बखिया उधेड़ने में तनिक भी नहीं हिचकिचा रहे हैं। पिछले मैच में जहां उन्हें जसप्रीत बुमराह का मानमर्दन किया तो इस बार जोश हेजलवुड की बारी थी। टेस्ट क्रिकेट के दिग्गज हेजलवुड की गेंदों पर सूर्यवंशी ने लगातार तीन चौके जड़े। वहीं तेज गेंदबाज अभिनंदन सिंह की गेंद पर लांग आन सीमा के ऊपर 80 मीटर का छक्का लगाया। उन्होंने 78 रन की अपनी पारी में 74 रन 15 गेंद में आठ चौकों और सात छक्कों के साथ बनाये।

जुरेल और सूर्यवंशी ने दूसरे विकेट के लिये 6.1 ओवर में 108 रन जोड़े। जुरेल ने अभिनंदन को खासी नसीहत देते हुए उनके एक ओवर में 24 रन बनाये। क्रिकेट जगत में जहां 200 के स्ट्राइक रेट की बात होती है, सूर्यवंशी ने 300 की स्ट्राइक रेट से रन बनाये। ऐसा लग रहा है मानो वह रिकॉर्ड बुक में नाम दर्ज कराने ही नहीं बल्कि आक्रामक बल्लेबाजी की नयी परिभाषा गढने के इरादे से मैदान पर उतरते हैं।

इससे पहले रजत पाटीदार की कप्तानी पारी की मदद से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने विकेटों के पतन के बीच आठ विकेट पर 201 रन बनाये। पाटीदार ने 40 गेंद में चार छक्कों और चार चौकों की मदद से 63 रन बनाये। एक समय पर आरसीबी के छह विकेट 94 रन पर गिर गए थे जिसके बाद उन्होंने मोर्चा संभाला। चैम्पियन बल्लेबाज विराट कोहली ( 16 गेंद में 32 रन ) समेत गत चैम्पियन आरसीबी के सभी बल्लेबाज तेजी से रन बनाने के प्रयास में आउट हो गए। आखिरी ओवरों में इंपैक्ट सब वेंकटेश अय्यर ने 15 गेंद में 29 रन बनाये जिसमें संदीप शर्मा के आखिरी ओवर में 21 रन बने।

Lokesh Khera

लेखक के बारे में

Lokesh Khera

लोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule आज के बड़े मुकाबले GT vs RCB Live Score और पल-पल के Live Cricket Score अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी क्रिकेट अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।