असली मुश्किल तो अब शुरू होगी...शुभमन गिल के लिए पठान ने सुनाया राहुल द्रविड़ का किस्सा
इरफान पठान ने कहा कि गिल के पास बहुत सारा टैलेंट है। उन पर जितनी ज्यादा जिम्मेदारी पड़ेगी और जितनी ज्यादा चुनौतियां उभरेंगी, वह उतने ही अच्छे क्रिकेटर के तौर पर उभरेंगे। इरफान पठान ने राहुल द्रविड़ से खुद को मिली सीख का किस्सा बताते हुए कहा कि ये गिल पर भी पूरी तरह फिट बैठता है।
टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने शुभमन गिल का पुरजोर समर्थन किया है। जियोहॉटस्टार पर पठान ने कहा कि गिल के पास बहुत सारा टैलेंट है। उन पर जितनी ज्यादा जिम्मेदारी पड़ेगी और जितनी ज्यादा चुनौतियां उभरेंगी, वह उतने ही अच्छे क्रिकेटर के तौर पर उभरेंगे। इरफान पठान ने राहुल द्रविड़ से खुद को मिली सीख का किस्सा बताते हुए कहा कि ये गिल पर भी पूरी तरह फिट बैठता है।
पठान ने याद किया कि कैसे जब वह भारतीय टीम में आए थे तब राहुल द्रविड़ ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की जरूरतों के लिहाज से तैयार किया था।
इरफान पठान ने बताया, ‘जब मैं 19 वर्ष की उम्र में भारतीय टीम में आया था तब ग्रेट राहुल द्रविड़ ने मुझसे कहा था कि तुम टीम में आ तो गए हो, ये अच्छा है लेकिन इसके बाद चीजें मुश्किल होंगी। मैंने पूछा कि जब चीजें मुश्किल हों तब क्या करें? उन्होंने मुझसे कहा कि तुम इसके आदी हो जाओगे।’
पठान का मानना है कि अजस्टमेंट और ग्रोथ का ठीक यही प्रॉसेस गिल पर भी लागू होता है। उन्होंने कहा, 'गिल के लिए भी यही कहा जा सकता है। वह कप्तान बने, इंग्लैंड सीरीज में उन्होंने अपना औसत बढ़ाया और टीम में अपना दबदबा कायम किया। उसके बाद उसे वनडे की कप्तानी मिली। जब ये होता है तब आपको आगे बढ़ने का बड़ा मौका मिलता है।'
पठान ने गिल की तारीफ करते हुए कहा, ‘उसके पास बहुत टैलेंट है। तुलनाएं तो हमेशा होंगी। विराट की तुलना सचिन से होती थी और अब गिल की तुलना विराट से हो रही है जिन्होंने 25000-30000 रन बनाए हैं। मुझे लगता है कि वह इसके लिए पूरी तरह सक्षम हैं। उनके पास शॉट्स का एक शानदार रेंज है।’
पूर्व ऑलराउंडर ने कहा कि गिल हमेशा सीखने के लिए आतुर रहते हैं। उन्होंने कहा, 'उन्हें जितनी अधिक जिम्मेदारी और चुनौती मिलेगी, वह क्रिकेटर के तौर पर उतने ही ज्यादा उभरेंगे। मैंने उन्हें हमेशा क्रिकेट के लिए तैयार देखा है। हमेशा सीखने की इच्छा रखते हैं। उनके अंदर ये एटिट्यूड है।'






