
अब RCB के पाले में गेंद...चिन्नास्वामी को लेकर वेंकटेश प्रसाद का बड़ा बयान, KSCA अध्यक्ष को इसका विश्वास
चिन्नास्वामी स्टेडियम को लेकर कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद ने बड़ा दिया है। उन्होंने कहा कि अब गेंद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के पाले में है।
कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) के अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद ने बुधवार को कहा कि आईपीएल 2026 के अपने घरेलू मैच चिन्नास्वामी स्टेडियम में करने की अब पूरी जिम्मेदारी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) पर है। पिछले महीने से विभिन्न राज्य एजेंसियों के साथ कई दौर की बातचीत करने के बाद कर्नाटक सरकार ने चिन्नास्वामी स्टेडियम को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) और अंतरराष्ट्रीय मैचों के आयोजन के लिए सशर्त अनुमति दे दी है।
आरसीबी की जीत के जश्न के दौरान चार जून को हुई भगदड़ में 11 प्रशंसकों की मौत के बाद से इस ऐतिहासिक मैदान पर क्रिकेट नहीं खेला गया है। प्रसाद ने बेंगलुरु में चुनिंदा मीडियाकर्मियों से कहा, ‘‘हमें सरकार से मैच आयोजित करने के लिए सशर्त अनुमति मिल गई है। हमें विश्वास है कि जल्द ही हमें बिना शर्त अनुमति मिल जाएगी। इस सब के बाद मुझे पूरी उम्मीद है कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने सभी सात घरेलू मैच एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी।’’
प्रसाद की अपील ऐसे समय में महत्वपूर्ण हो जाती है जब आरसीबी अपने घरेलू मैच मुंबई या पुणे और रायपुर में करवाने पर विचार कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘गेंद अब आरसीबी के पाले में है। मुझे पूरा विश्वास है कि आरसीबी अब इस मामले में शामिल होगा और मैचों के सुचारू संचालन के लिए सरकार से बातचीत करेगा। अब तक तो एकतरफा संवाद ही चल रहा है। हम यह सब क्रिकेट के लिए कर रहे हैं फिर चाहे आईपीएल हो या अंतरराष्ट्रीय मैच।’’
प्रसाद ने रॉयल चैलेंजर्स के प्रबंधन को याद दिलाया कि बेंगलुरु के प्रशंसक फ्रेंचाइजी की स्थापना से ही उसके प्रति पूरी तरह वफादार रहे हैं, और अब अपने इन प्रशंसकों के साथ खड़ा होना आरसीबी का काम है। उन्होंने कहा, ‘‘अब आरसीबी को अपनी भूमिका निभानी होगी। इस बातचीत को आगे बढ़ाना आरसीबी की जिम्मेदारी है। यहां वापस आकर खेलना उनकी जिम्मेदारी है। बेंगलुरु में खेलने और बेंगलुरु के दर्शकों के कारण ही वे इस स्तर तक पहुंच पाए हैं। इसलिए मैंने उन्हें यहां आकर खेलने के लिए कहा है।’’

लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय





