Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़The air quality in Delhi is so toxic that the BCCI has had to shift the knockout matches of the tournament to Mumbai
दिल्ली में हवा इतनी जहरीली कि BCCI को मुंबई शिफ्ट करने पड़े टूर्नामेंट के नॉकआउट मैच

दिल्ली में हवा इतनी जहरीली कि BCCI को मुंबई शिफ्ट करने पड़े टूर्नामेंट के नॉकआउट मैच

संक्षेप:

दिल्ली में वायु प्रदूषण का आलम ये रहता है कि अगर सर्दियों में कोई विदेशी टीम यहां खेले तो उसके खिलाड़ियों को मास्क लगाकर खेलने की नौबत आ जाती है। अब तो BCCI ने खुद ही दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के मद्देनजर अपने एक अहम टूर्नामेंट के दिल्ली में होने वाले मैचों को आनन-फानन में मुंबई शिफ्ट कर दिया है।

Nov 21, 2025 10:34 am ISTChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

दिल्ली में पिछले कई सालों से सर्दियों में हवा जहरीली हो जाती है। इतनी जहरीली कि जो सांसें जिंदगी की पहचान होती हैं, वही बीमार करने लगती हैं। देश की राजधानी में वायु प्रदूषण का आलम ये रहता है कि अगर सर्दियों में कोई विदेशी टीम यहां खेले तो उसके खिलाड़ियों को मास्क लगाकर खेलने की नौबत आ जाती है। अब तो बीसीसीआई ने खुद ही दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के मद्देनजर अपने एक अहम टूर्नामेंट के दिल्ली में होने वाले मैचों को आनन-फानन में मुंबई शिफ्ट कर दिया है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई ने पुरुषों के अपने सालाना अंडर-23 वनडे टूर्नामेंट के नॉकआउट स्टेज को दिल्ली से मुंबई शिफ्ट कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक बोर्ड ने लिखित में नहीं, बल्कि मौखिक तौर पर मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को 25 नवंबर से 1 दिसंबर तक मैचों की मेजबानी के लिए तैयार रहने को कहा है।

दिल्ली में वायु प्रदूषण में कोई सुधार नहीं हो रहा। गुरुवार को दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 'बहुत ही गंभीर' में रहा। सेंट्रल पलूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी में एक्यूआई 400 पर पहुंच गया था। पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कुछ दिनों में हवा की गुणवत्ता और ज्यादा खराब होगी।

आनन-फानन में मुंबई को सौंपी गई मेजबानी

इंडियन एक्सप्रेस ने एमसीए के सूत्रों को कोट किया है, 'हमें आज बीसीसीआई से कॉल आया था। उन्होंने हमें बताया कि एमसीए को अंडर-23 वनडे के नॉकआउट मैचों को अलॉट किया गया है क्योंकि राजधानी में बहुत ज्यादा वायु प्रदूषण है। उन हालात में क्रिकेट नहीं खेला जा सकता।'

टूर्नामेंट का आखिरी लीग स्टेज मैच शुक्रवार को वडोदरा में है। टूर्नामेंट में 8 टीमें नॉकआउट स्टेज में खेलेंगी और आने वाले दिनों में उनका शेड्यूल जारी किया जाएगा।

इससे पहले बीसीसीआई ने प्रदूषण के मद्देनजर ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट को दिल्ली से कोलकाता शिफ्ट किया था। इससे पहले अक्टूबर में दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट मैच खेला गया था। तब प्रदूषण कम था।

जब श्रीलंका के खिलाड़ियों को मास्क पहनकर खेलना पड़ा था

2017 में श्रीलंका की टीम भारत दौरे पर आई हुई थी और दिसंबर के पहले हफ्ते में दिल्ली में टेस्ट मैच खेला गया। तब भी हवा बहुत जहरीली हो चुकी थी। टेस्ट मैच के दौरान एक्यूआई 316 से बढ़कर 390 हो गया था जिसकी वजह से श्रीलंका के कुछ खिलाड़ियों को मास्क लगाकर खेलते हुए देखा गया। मैच के दूसरे दिन तो श्रीलंकाई तेज गेंदबाज लाहिरु गामेज को एक ओवर के बीच में ही सांस लेने में दिक्कत होने लगी थी और उस वजह से मैच को 17 मिनट के लिए रोकना पड़ा था। टेस्ट के दौरान एक वक्त को श्रीलंका के पास फील्डिंग करने के लिए सिर्फ 10 फिट खिलाड़ी ही रह गए थे और ड्रेसिंग रूम में ऑक्सिजन सिलिंडर मंगवाने पड़े थे।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय टीवी पत्रकारिता से शुरुआत। न्यूज24, हमार टीवी, श्री न्यूज, फोकस न्यूज और न्यूज वर्ल्ड इंडिया में अलग-अलग भूमिकाओं के बाद 2016 में नवभारत टाइम्स.कॉम के साथ डिजिटल पारी का आगाज। देश, दुनिया, राजनीति, खेल, अदालत, अपराध से जुड़ीं खबरों पर लेखन। एनबीटी में करीब 9 साल की शानदार पारी के बाद मार्च 2025 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा और स्पोर्ट्स डेस्क इंचार्ज। मूल रूप से यूपी के देवरिया के निवासी। सीखने और समझने के सतत क्रम में भरोसा। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |