अपने पति को बता देना वो बदतमीज है; जब केएल राहुल ने इंग्लैंड के दिग्गज की पत्नी से की शिकायत
केएल राहुल ने खुलासा किया है कि वह केविन पीटरसन के यहां डिनर पर गए थे और वहां उनकी शिकायत उनकी ही पत्नी से कर दी। भारत के स्टार बल्लेबाज ने बताया कि उन्होंने जेसिका पीटरसन से कहा था कि उनका पति बदतमीज है। उनके प्रति उजड्ड है और ये बात वह अपने पति को बता दें।

टीम इंडिया के स्टार बैटर केएल राहुल ने इंग्लैंड के दिग्गज खिलाड़ी की पत्नी से उसी की शिकायत की थी। उनसे कहा था कि जाकर अपने पति को बता देना कि वह बहुत बदतमीज है। ये किस्सा खुद केएल राहुल ने हाल ही में साझा किया है।
केएल राहुल ने बताया है कि वह केविन पीटरसन के यहां डिनर पर गए थे और वहां उन्होंने उनकी पत्नी जेसिका पीटरसन से कहा था कि उनके पति उजड्ड हैं। मेरे प्रति बदतमीज हैं। भारतीय स्टार ने ये बातें हंसी-मजाक में कही थी।
दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े हैं दोनों
केएल राहुल और केविन पीटरसन दोनों ही इस साल आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के साथ थे। राहुल जहां लखनऊ सुपर जॉइंट्स छोड़कर दिल्ली के साथ जुड़े थे, वहीं पीटरसन टीम के साथ बतौर मेंटर जुड़े हुए हैं। दोनों की पर्सनल केमिस्ट्री शानदार है। दोनों अपनी चुटीली टिप्पणियों और एक दूसरे के साथ हंसी-मजाक के लिए जाने जाते हैं।
केएल राहुल ने यूट्यूब पर '2 स्लॉगर्स' पॉडकास्ट में बताया कि उनकी पत्नी आथिया शेट्टी भी पीटरसन के साथ उनके हंसी-मजाक को लेकर उनकी खिंचाई कर चुकी हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली कैपिटल्स के सोशल मीडिया पेज पर उनके और पीटरसन के हंसी-मजाक के क्लिप्स को देखकर शेट्टी भी उनकी टांग खींच चुकी हैं।
केएल राहुल और केविन पीटरसन की पर्सनल केमिस्ट्री शानदार
केएल राहुल ने पॉडकास्ट पर बताया, 'हमारी हंसी-ठिठोली अलग है। वह बहुत चुहलबाज हैं। वह भी आपको पलटकर देते हैं।' भारतीय स्टार ने हंसते हुए आगे कहा, 'एक तो यह वीडियो था और उसके अलावा दो-तीन बार जब मैंने कुछ कहा है तो दिल्ली कैपिटल्स ने उसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। तब मेरी पत्नी मुझसे कहती थी- तुम इतनी हल्की बातें क्यों करते हो? वह कितने अच्छे आदमी हैं।'
दोनों अक्सर एक दूसरे की करते रहते हैं खिंचाई
केएल राहुल ने आगे बताया, 'मैंने कहा- वह जितनी बातें मुझे कहते हैं, जितना मुझे सुनाते हैं, उसका आधा भी बाहर नहीं आता। ये तो तीन बार मैंने उन्हें जवाब दिया लेकिन वह तो 100 बार मेरे पीछे पड़ चुके हैं।'
इस दौरान केएल राहुल ने बताया कि कैसे उन्होंने पीटरसन की शिकायत उनकी ही पत्नी से कर दी थी। उन्होंने बताया, 'जब हम लोग ब्रिटेन में थे तब मैंने उनकी पत्नी से शिकायत की। उन्होंने मुझे डिनर के लिए बुलाया था और वहां मैंने उनसे कहा- अपने पति से कहो कि मेरे साथ कायदे से रहें। वह मेरे प्रति बहुत उजड्ड है।'
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ें


