सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए भारत को करना होगा बड़ा बदलाव, इस खिलाड़ी को देनी होगी कुर्बानी
भारत का टी20 वर्ल्ड कप में अगला मुकाबला जिम्बाब्वे से है। साउथ अफ्रीका से मिली बड़ी हार के बाद टीम इंडिया इस मैच को हल्के में नहीं लेना चाहेगी। इरफान पठान ने बैटिंग ऑर्डर में बदलाव का सुझाव दिया है।

साउथ अफ्रीका से भारत को मिली बड़ी हार के बाद टीम इंडिया की सेमीफाइनल की उम्मीदों को झटका लगा है। इस जख्म पर नमक वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच 100 से अधिक रनों से जीतकर छिड़का है। सुपर-8 के ग्रुप-1 में भारत सेमीफाइनल की रेस में काफी पिछड़ गया है, अगर टीम इंडिया को वापसी करनी है तो उन्हें जिम्बाब्वे के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करनी होगी। इसके लिए भारत को अपनी बैटिंग पर काम करना होगा, जो साउथ अफ्रीका के खिलाफ बुरी तरह फेल हुई थी। ऐसे में पूर्व क्रिकेटर और मौजूदा एक्सपर्ट इरफान पठान ने सूर्यकुमार यादव और गौतम गंभीर को बैटिंग ऑर्डर में बदलाव करने का सुझाव दिया है।
इरफान पठान का कहना है कि भारत को नंबर-3 और 4 की पोजिशन में बदलाव की जरूरत है। चोट के बाद वापसी कर रहे तिलक वर्मा उस रंग में नजर नहीं आ रहे, जिसके लिए वह जाने जाते हैं। वहीं उनके नंबर-3 पर होने की वजह से टॉप-3 में तीनों लेफ्टी हो रहे हैं क्योंकि ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ओपनिंग करते हैं। ऐसे में इरफान पठान ने सूर्यकुमार यादव को एक बार फिर नंबर-3 पर खेलने की सलाह दी है।
ऐसे में तिलक वर्मा को नंबर-3 के पायदान के लिए कुर्बानी देनी होगी। तिलक ने साउथ अफ्रीका दौरे पर कप्तान सूर्यकुमार यादव से मांगकर नंबर-3 की पोजिशन ली थी और उस दौरे पर उन्होंने बैक टू बैक दो शतक जड़े थे। तिलक ने नंबर-3 पर तगड़ा प्रदर्शन किया है, मगर टी20 वर्ल्ड कप में उनका बल्ला रंग में नहीं दिख रहा है।
इरफान पठान ने ब्रॉडकास्टर्स से कहा, "शायद सूर्या को नंबर 3 पर बैटिंग करनी चाहिए। असल में उन तीन लेफ्ट-हैंडर्स को एक के बाद एक आने से हटाने के लिए और बस उस मोनोटोनी को बदलने के लिए।"
नंबर-3 पर सूर्यकुमार यादव के आंकड़े
सूर्यकुमार ने T20I में भारत के लिए नंबर 3 पर बैटिंग करते हुए 32 मैचों में 32 की औसत और 158.53 के स्ट्राइक-रेट से 864 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक शतक और छह अर्द्धशतक बनाए हैं।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


