Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़Team India will breathe Easier in IND vs AUS 3rd T20I Because Josh Hazlewood Will Arshdeep Singh feature in playing XI
टीम इंडिया को तीसरे T20 में एक राहत मिलना कंफर्म, क्या ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ प्लेइंग XI में होगा ऐसा?

टीम इंडिया को तीसरे T20 में एक राहत मिलना कंफर्म, क्या ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ प्लेइंग XI में होगा ऐसा?

संक्षेप:

टीम इंडिया को तीसरे T20 में एक राहत मिलना कंफर्म है। तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड को इंग्लैंड के खिलाफ आगामी सीरीज को देखते हुए आराम दिया गया है। क्या भारतीय प्लेइंग इलेवन में पेसर अर्शदीप सिंह की एंट्री होगी?

Sat, 1 Nov 2025 02:47 PMMd.Akram होबार्ट, भाषा
share Share
Follow Us on

तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की अनुपस्थिति में भारतीय बल्लेबाजों को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रविवार को होबार्ट में होने वाले तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में थोड़ी राहत मिलेगी और वह पहले से बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे लेकिन यह देखना दिलचस्प होगा कि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को प्लेइंग इलेवन में जगह मिल पाती है या नहीं क्योंकि उनको लगातार बाहर रखने पर सवाल उठने लग गए हैं। सही लंबाई पर गेंद डालने में हेजलवुड की सटीकता और उछाल, भारतीय बल्लेबाजों के लिए दुःस्वप्न बन गई। ऑस्ट्रेलिया को इस महीने के आखिर में इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैच की सीरीज खेलनी है और उसे देखते हुए हेजलवुड को विश्राम दिया गया है। स्टार सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने मेलबर्न में खेले गए दूसरे मैच के बाद कहा था, ‘‘यह निश्चित रूप से राहत की बात होगी। मैंने ऐसी गेंदबाजी का सामना पहले कभी नहीं किया।’’

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

ऐसी स्थिति में भारतीय बल्लेबाजों को राहत मिलना स्वाभाविक है और वे जेवियर बार्टलेट, नाथन एलिस या सीन एबॉट जैसे गेंदबाजों का सामना करते समय अधिक आश्वस्त महसूस करेंगे। कप्तान सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल दोनों को अतिरिक्त उछाल और अच्छी सीम मूवमेंट वाली गेंदों से निपटने में दिक्कत हो रही है। सूर्यकुमार और गिल ने कैनबरा में बारिश से प्रभावित मैच में अच्छी बल्लेबाजी की थी और वह उसको दोहराने के लिए प्रतिबद्ध होंगे। यह मैच बारिश के कारण पूरा नहीं हो पाया था। होबार्ट स्थित बेलेरिव ओवल एक ऐसा मैदान है, जहां दोनों तरफ की सीमा रेखा छोटी है और ऐसे में शार्ट पिच गेंद पर कवर, प्वाइंट, स्क्वायर लेग या मिड-विकेट पर लंबे शॉट लगाए जा सकते हैं।

ये भी पढ़ें:कोहली से भी तेज है अभिषेक की रफ्तार, 25 पारियों के बाद बना दिए सबसे ज्यादा रन

बेलेरिव ओवल वह मैदान है जहां विराट कोहली ने 2012 में श्रीलंका के खिलाफ 321 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 86 गेंदों में नाबाद 133 रन की शानदार पारी खेली थी। बेलेरिव ओवल की पिच पारंपरिक रूप से सफेद गेंद से होने वाले मैचों के लिए उपयुक्त मानी जाती है। यह तेज गेंदबाज एलिस का बीबीएल में घरेलू मैदान भी है, जो स्थानीय फ्रेंचाइजी होबार्ट हरिकेंस के कप्तान हैं। इस दौरे पर बल्लेबाजी की गहराई को लेकर भारतीय टीम प्रबंधन का जुनून चर्चा का विषय रहा है और एमसीजी में 125 रन के मामूली स्कोर पर आउट होने के बाद उसकी इस रणनीति पर सवाल उठने लग गए हैं। अतिरिक्त उछाल वाली पिच पर भारत तीन स्पिनरों के साथ उतरा और एक बार फिर अर्शदीप को अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली, जबकि वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 विकेट लेने वाले एकमात्र भारतीय गेंदबाज हैं।

ये भी पढ़ें:टीम इंडिया को मेलबर्न में क्यों मिली करारी हार? कप्तान सूर्यकुमार ने बताया कारण

भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अर्शदीप सिंह को बाहर रखने के फैसले पर हैरानी व्यक्त करते हुए अपने यूट्यूब चैनल पर कहा था।'' अगर जसप्रीत बुमराह खेल रहे हैं, तो अर्शदीप सिंह का नाम सूची में दूसरे स्थान पर होना चाहिए। अगर बुमराह नहीं खेल रहे हैं, तो अर्शदीप सिंह का नाम सूची में पहले स्थान पर होगा।'' अगर आंकड़ों पर गौर करें तो स्पष्ट हो जाता है कि पिछले 15 से 20 मैचों में भारत के आठवें नंबर के बल्लेबाज ने प्रति पारी औसतन पांच गेंदों का सामना किया है और यही वजह है कि टीम प्रबंधन की इस रणनीति पर सवाल उठने लग गए हैं। भारतीय टीम प्रबंधन अर्शदीप के बजाय हर्षित राणा को प्राथमिकता दे रहा है जिन्होंने पिछले मैच में 33 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 35 रन बनाए।

ये भी पढ़ें:ताबड़तोड़ पारी खेल मार्श ने पूरे किए 2000 रन, ऐसा करने वाले AUS के चौथे बैटर

यदि चार गेंदों पर बाउंड्री से बनाए गए 18 रन को हटा दिया जाए, तो दिल्ली के इस ऑलराउंडर ने 29 गेंदों पर 17 रन बनाए। उन्होंने ऐसे समय में गेंद बर्बाद की जबकि दूसरे छोर पर अभिषेक शर्मा खड़े थे और उन्हें स्ट्राइक लेने का मौका नहीं मिल रहा था। जहां तक गेंदबाजी का सवाल है तो हर्षित की गेंदबाजी में निरंतरता का अभाव है। अब यहां देखना दिलचस्प होगा कि अर्शदीप को उनकी जगह अंतिम एकादश में शामिल किया जाता है या नहीं। अगर टीम प्रबंधन हर्षित को टीम में बनाए रखने की रणनीति पर कायम रहता है तब भी अर्शदीप को किसी एक स्पिनर के स्थान पर अंतिम एकादश में रखना चाहिए क्योंकि यहां के विकेट से स्विंग मिलने की संभावना है। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 1:45 पर शुरू होगा।

ये भी पढ़ें:VIDEO: श्रेयस के लिए छलकी सूर्या की मां की ममता, छठी मैया से की प्रार्थन

भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अर्शदीप सिंह, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर।

ऑस्ट्रेलिया: मिशेल मार्श (कप्तान), सीन एबॉट, जेवियर बार्टलेट, महली बियर्डमैन, टिम डेविड, बेन ड्वार्शिस, नाथन एलिस, ग्लेन मैक्सवेल, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमन, मिशेल ओवेन, जोश फिलिप, तनवीर संघा, मैथ्यू शॉर्ट और मार्कस स्टोइनिस।

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram
मोहम्मद अकरम, लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। अकरम को पत्रकारिता में 8 साल से ज्यादा का अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं। अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |