भारत 'करो या मरो' मैच में बांग्लादेश से रहेगा सतर्क, T20 WC में ऐसी स्थिति से बचना होगा

मैनचेस्टर, भाषा
Follow us on Google News
share

भारतीय टीम की महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में गुरुवार को बांग्लादेश से टक्कर होगी। यह हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम के लिए 'करो या मरो' मैच जैसा है। भारत को टूर्नामेंट में पिछले मैच में हार मिली थी।

India vs Bangladesh Womens T20 World Cup 2026

मध्य क्रम के बल्लेबाजों की नाकामी और खराब फील्डिंग के कारण महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम का अभियान खतरे में पड़ गया है और ऐसे में गुरुवार को बांग्लादेश के खिलाफ मैनचेस्टर में होने वाले मैच में वह इन कमजोरियों को दूर करने के लिए बेताब होगी। भारत ने 12 टीमों के इस टूर्नामेंट में अपने शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों की फॉर्म की चिंता के साथ उतरा था लेकिन स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने काफी हद तक उन आशंकाओं को दूर कर दिया है। मंधाना ने तीन मैच में 159 रन बनाए हैं, जबकि शेफाली ने 92 रन का योगदान दिया है। दोनों बल्लेबाजों का स्ट्राइक रेट 154 से अधिक है। लेकिन मध्यक्रम के बल्लेबाज अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे हैं जो टीम के लिए नई चिंता बन गई है।

हरमन-जेमिमा ने छक्का नहीं लगाया

कप्तान हरमनप्रीत कौर (स्ट्राइक रेट 109.09), जेमिमा रोड्रिग्स (94.11) और यस्तिका भाटिया (105.88) अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। उनके तेजी से रन बनाने में नाकाम होने के कारण ऋचा घोष और दीप्ति शर्मा पर तेजी से रन बनाने का दबाव बढ़ जाता है। हरमनप्रीत और जेमिमा दोनों ने तीन-तीन मैच खेले हैं और दोनों ने मिलकर सिर्फ 11 चौके लगाए हैं। उन्होंने अब तक एक भी छक्का नहीं लगाया है। वहीं, यस्तिका ने दो पारियों में सिर्फ तीन चौके लगाए हैं। ऋचा (स्ट्राइक रेट 176.92) और दीप्ति (159.37) ने अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन कम गेंद रहने के कारण दोनों पर दबाव बढ़ जाता है।

भारत ऐसी स्थिति में नहीं रहना चाहेगा

भारत के अब तीन मैच में चार अंक हैं और उसका नेट रन रेट 2.511 है। उसने पाकिस्तान को 64 रन से और नीदरलैंड को 95 रन से हराया था लेकिन वह दक्षिण अफ्रीका से छह विकेट से हार गया था। ऑस्ट्रेलिया ने लगातार चार जीत हासिल करके ग्रुप ए में शीर्ष स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। उसके आठ अंक हैं और उसका नेट रन रेट 4.724 है। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। भारत ऐसी स्थिति में नहीं रहना चाहेगा जहां दक्षिण अफ्रीका (चार अंक, नेट रन रेट माइनस 0.546) दूसरे स्थान के लिए उसे चुनौती दे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत स्पिन आक्रमण पर निर्भर रहने के बावजूद पिच का पूरा फायदा उठाने में असमर्थ रहा। भारत ने गेंदबाजी में अच्छी शुरुआत की थी लेकिन इसके बाद मारिजान काप की आक्रामक बल्लेबाजी के सामने उसकी एक नहीं चली।

भारत को बांग्लादेश से रहना होगा सतर्क

भारत की फील्डिंग भी अभी तक अच्छा नहीं रही है। टीम की सर्वश्रेष्ठ फील्डरों में से एक राधा यादव ने काप के दो आसान कैच छोड़े जो बहुत महंगे साबित हुए। टूर्नामेंट अब निर्णायक चरण में पहुंच गया है और अब किसी भी तरह की गलती काफी महंगी साबित हो सकती है। 'करो या मरो' मैच में बांग्लादेश से भिड़ने के बाद भारत का सामना शानदार फॉर्म में चल रही ऑस्ट्रेलियाई टीम से होगा। बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 23 रन और नीदरलैंड को छह विकेट से हराया है और वह भारत के सामने कड़ी चुनौती पेश करने की कोशिश करेगा। उसकी टीम ने अभी तक सामूहिक प्रयास से जीत हासिल की हैं और भारत को उससे सतर्क रहना होगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे शुरू होगा।

भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, क्रांति गौड़, प्रेमा रावत, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह ठाकुर, राधा यादव, नंदिनी शर्मा, श्री चरणी।

बांग्लादेश: निगार सुल्ताना (कप्तान एवं विकेटकीपर), नाहिदा अख्तर (उपकप्तान), दिलारा अख्तर (विकेटकीपर), जुएरिया फिरदौस (विकेटकीपर), शोभना मोस्तरी, तेज नेहर, शर्मिन अख्तर, राबेया खान, रितु मोनी, शोर्ना अख्तर, फाहिमा खातून, फरिहा त्रिस्ना, मारुफा अख्तर, संजीदा अख्तर मेघला, सुल्ताना खातून।

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।


अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।


विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट Cricket Live Score, Cricket Schedule, और Cricket News in Hindi के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी बड़े मुकाबलों के पल-पल के अपडेट्स और देश-दुनिया की हर क्रिकेट खबर सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।