
अगले साल फिर इंग्लैंड में खेलेगी टीम इंडिया, टी20 और वनडे सीरीज का शेड्यूल कर लीजिए नोट
अगले साल फिर इंग्लैंड में टीम इंडिया इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाली है। टी20 और वनडे सीरीज का शेड्यूल सामने आ गया है। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने अगले समर सीजन में होने वाली सीरीजों की घोषणा कर दी है।
भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है। इस बीच इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड यानी ईसीबी ने इस बात का ऐलान कर दिया है कि अगले साल भी इन दिनों भारतीय टीम इंग्लैंड के दौरे पर होगी। बीसीसीआई ने भी आधिकारिक तौर पर इंग्लैंड के खिलाफ जुलाई 2026 में खेली जाने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज और तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। इसके अलावा भी इंग्लैंड में 5 और टीमें अगले समर सीजन में इंटरनेशनल क्रिकेट खेलती नजर आएंगी।

2026 में टीम इंडिया का इंग्लैंड दौरा 1 जुलाई से शुरू होगा, जो 19 जुलाई तक चलेगा। पहले पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी और फिर तीन वनडे मैच इस दौरे पर खेले जाएंगे। टी20 सीरीज का पहला मैच 1 जुलाई को, दूसरा मैच 4 जुलाई को, तीसरा मैच 7 जुलाई को, चौथा मैच 9 जुलाई को और पांचवां मैच 11 जुलाई को खेला जाएगा। डरहम, मैनचेस्टर, नॉटिंघम, ब्रिस्टल और साउथैम्पटन में ये मैच खेले जाएंगे। वहीं, तीन मैचों की वनडे सीरीज 14 जुलाई से बर्मिंघम में शुरू होगी, जिसका दूसरा मैच कार्डिफ में 16 जुलाई को खेला जाएगा और फिर 19 जुलाई को लंदन के लॉर्ड्स में तीसरा मैच आयोजित होगा।
इंडिया का इंग्लैंड दौरा 2026
पहला T20I - 1 जुलाई को डरहम में रात 11 बजे से
दूसरा T20I - 4 जुलाई को मैनचेस्टर में शाम 7 बजे से
तीसरा T20I - 7 जुलाई को नॉटिंघम में रात 11 बजे से
चौथी T20I - 9 जुलाई को ब्रिस्टल में रात 11 बजे
पांचवां T20I - 11 जुलाई को साउथैम्पटन में रात 11 बजे से
पहला वनडे - 14 जुलाई को बर्मिंघम में शाम साढ़े 5 बजे से
दूसरा वनडे - 16 जुलाई को कार्डिफ में शाम साढ़े 5 बजे से
तीसरा वनडे - 19 जुलाई को लंदन में दोपहर साढ़े 3 बजे से




