एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में किससे भिड़ेगी टीम इंडिया? हो गया कन्फर्म
एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में टीम इंडिया किससे भिड़ेगी? इस बात की पुष्टि हो गई है। श्रीलंका और नेपाल के बीच तीसरा क्वार्टर फाइनल आज सुबह साढ़े 5 बजे से खेला जाना था, जो बारिश के कारण रद्द कर दिया गया।

एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट कंप्टीशन के सेमीफाइनल में टीम इंडिया किस टीम से भिड़ेगी? इस बात की पुष्टि अब आधिकारिक रूप से हो गई है, क्योंकि श्रीलंका और नेपाल के बीच तीसरा क्वार्टर फाइनल मैच आज सुबह साढ़े 5 बजे से खेला जाना था, जो बारिश के कारण रद्द कर दिया गया। ऐसे में श्रीलंका की टीम को सेमीफाइनल का टिकट मिल गया, क्योंकि नेपाल की टीम आईसीसी टी20 रैंकिंग में श्रीलंका से काफी पीछे थी। यही वजह है कि अब दूसरे सेमीफाइनल में भारत की भिड़ंत श्रीलंका से होगी, जिसके बाद तय होगा कि भारत गोल्ड मेडल मैच खेलेगा या फिर ब्रॉन्ज मेडल मैच के लिए लड़ाई लड़ेगा।
बता दें कि टीम इंडिया का क्वार्टर फाइनल भी बारिश में धुल गया था, जो अफगानिस्तान के खिलाफ कल यानी सोमवार 28 सितंबर को आयोजित होना था। भारत को भी शीर्ष वरीयता प्राप्त होने की वजह से सेमीफाइनल में एंट्री मिली थी, जबकि इससे पहले पाकिस्तान को भी इसी आधार पर टॉप 4 में जाने का मौका मिला था। वहीं, श्रीलंका ने भी इसी तरह सेमीफाइनल का टिकट कटाया है। संभावना इस बात की भी है कि चौथा क्वार्टर फाइनल जो बांग्लादेश और मलेशिया के बीच शेड्यूल है, उसे भी रद्द किया जा सकता है। उस केस में बांग्लादेश की टीम सेमीफाइनल में प्रवेश कर जाएगी।
श्रीलंका वर्सेस नेपाल मैच के रद्द होते ही इस बात की पुष्टि हो गई है कि निशिन में अब इंडिया और श्रीलंका के बीच एशियन गेम्स 2026 का सेमीफाइनल खेला जाएगा, जो गुरुवार 1 अक्टूबर को आयोजित होगा। भारतीय समय के अनुसार सुबह 10 बजे से मैच आयोजित होगा। उस समय श्रीलंका में भी सुबह के 10 बजे होंगे, क्योंकि दोनों देशों का समय एक ही है, जबकि जापान का टाइम अलग होगा। लोकल टाइम की बात करें तो मैच दोपहर को डेढ़ बजे शुरू होगा।
क्या होगा अगर सेमीफाइनल भी रद्द हो जाए?
अगर इंडिया और श्रीलंका के बीच एक अक्टूबर को शेड्यूल सेमीफाइनल भी रद्द हो गया तो फिर किसे फाइनल का टिकट मिलेगा और कौन सी टीम ब्रॉन्ज मेडल मैच में खेलेगी? ये भी एक बड़ा सवाल है, जिसका जवाब यह है कि अगर क्वार्टर फाइनल्स की तरह सेमीफाइनल भी धुला तो फिर फाइनल में एंट्री टीम इंडिया को मिलेगी, जबकि ब्रॉन्ज मेडल मैच में श्रीलंका की टीम खेलेगी, क्योंकि टीम इंडिया की रैंकिंग श्रीलंका से भी बेहतर है। अगर भारत फाइनल में पहुंचा तो फिर कम से कम सिल्वर मेडल कन्फर्म हो जाएगा। जीतने पर गोल्ड मिलेगा और हारने पर सिल्वर। इसके अलावा अगर फाइनल भी नहीं हुआ तो फिर गोल्ड भारत के पास होगा।



