हरमनप्रीत कौर के रूप में भारत को लगा बड़ा झटका, बीसीसीआई ने दिया चोट पर अपडेट
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारत की वनडे सीरीज की शुरुआत निराशाजनक रही। पहले मुकाबले में टीम इंडिया को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ भारत को एक और बड़ा झटका कप्तान हरमनप्रीत कौर के रूप में लगा है।

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारत की वनडे सीरीज की शुरुआत निराशाजनक रही। पहले मुकाबले में टीम इंडिया को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ भारत को एक और बड़ा झटका कप्तान हरमनप्रीत कौर के रूप में लगा है। बैटिंग करते हुए हरमनप्रीत कौर के घुटने में चोट लगी, जिस वजह से वह दूसरी पारी में फील्डिंग करने मैदान पर नहीं उतरी। X पर एक पोस्ट में BCCI ने कहा कि हरमनप्रीत को बैटिंग करते समय बाएं घुटने में चोट लगी थी और मेडिकल टीम उनके प्रोग्रेस पर नजर रख रही है। हरमनप्रीत के न होने पर, वाइस-कैप्टन स्मृति मंधाना ने टीम की कमान संभाली।
X पर BCCI पोस्ट में लिखा है, "कैप्टन हरमनप्रीत कौर बैटिंग करते समय बाएं घुटने में चोट लगने के बाद दूसरी इनिंग में फील्ड पर नहीं उतरीं। BCCI मेडिकल टीम उनके प्रोग्रेस पर नजर रख रही है। उनकी गैरमौजूदगी में वाइस-कैप्टन स्मृति मंधाना टीम को लीड कर रही हैं।"
हरमनप्रीत कौर ने पहले वनडे में 83 गेंदों पर 53 रन बनाए। साथ ही, उन्होंने काश्वी गौतम के साथ 61 गेंदों पर 53 रन की पार्टनरशिप भी की, जिन्होंने 44 गेंदों पर 43 रन बनाए।
एशले गार्डनर की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन तथा बेथ मूनी और कप्तान एलिसा हीली के अर्धशतकों की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार को यहां पहले महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में भारत को 70 गेंद शेष रहते हुए छह विकेट से हराकर तीन मैच की श्रृंखला में शुरुआती बढ़त हासिल की।
मौजूदा विश्व चैंपियन भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन कप्तान हरमनप्रीत कौर (84 गेंदों में 53 रन) और उप कप्तान स्मृति मंधाना (68 गेंदों में 58 रन) के अर्धशतकों के बावजूद उसकी टीम 48.3 ओवर में 214 रन पर आउट हो गई।
ऑस्ट्रेलिया को लक्ष्य तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई और उसने केवल 38.2 ओवर में चार विकेट पर 217 रन बनाए। हीली (70 गेंद पर 50 रन) के अर्धशतक की मदद से उसने अच्छी शुरुआत की। इसके बाद मूनी (79 गेंद पर 76 रन) और एनाबेल सदरलैंड (44 गेंद पर नाबाद 48 रन) ने चौथे विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी करके ऑस्ट्रेलिया की बड़ी जीत सुनिश्चित की।
भारत की उप कप्तान मंधाना ने मैच के बाद कहा, ''शुरू में ही दो विकेट गंवाने के बाद वापसी करना आसान नहीं था लेकिन हमने अच्छा प्रदर्शन किया। विकेट वैसा नहीं था जैसा हमने सोचा था। हम अच्छी क्रिकेट खेल रहे हैं और बहुत अधिक बदलाव करने की जरूरत नहीं है।''
उन्होंने कहा, ''हमें बल्लेबाजी में सामूहिक प्रदर्शन करना होगा लेकिन हम इसके बारे में ज्यादा नहीं सोच रहे हैं। अभी हमारे पास दो दिन का समय है। हम मजबूत वापसी करेंगे।''
(भाषा इनपुट के साथ)
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


