वर्ल्ड कप 2027 के लिए भारत की खास तैयारी, ये 6 वनडे कर सकते हैं कमाल
वर्ल्ड कप 2027 की तैयारियों के लिए बीसीसीआई खास प्लान बना रहा है। अगले साल होने वाले इस आईसीसी इवेंट से पहले भारत साउथ अफ्रीका में 6 मैच की वनडे सीरीज खेल सकता है।

आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 के शेड्यूल का ऐलान हो गया है। इस ऐलान के साथ अगले साल होने वाले इस आईसीसी इवेंट की उलटी गिनती भी शुरू हो गई है। अब वनडे वर्ल्ड कप के लिए एक साल से भी कम का समय रह गया है, ऐसे में सभी टीमें अपनी तैयारियां पुख्ता करना चाहती है। इस कड़ी में बीसीसीआई भी खास प्लानिंग कर रहा है। भारत 2023 वर्ल्ड कप में उप-विजेता रहा था। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में बीसीसीआई इस बार भारतीय टीम की तैयारियों में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहता। बीसीसीआई ने वर्ल्ड कप 2027 की खास तैयारियों के लिए टीम इंडिया के लिए खास प्लान तैयार किया है।
वर्ल्ड कप 2027 से पहले भारत-साउथ अफ्रीका वनडे सीरीज
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार वर्ल्ड कप 2027 से पहले भारतीय टीम साउथ अफ्रीका का दौरा कर सकती है। इस टूर पर भारत मेजबानों के खिलाफ 6 मैच की वनडे सीरीज खेलेगा। यह मैच जोहान्सबर्ग, केप टाउन और सेंचुरियन जैसे मैदानों पर होंगे जहां वर्ल्ड कप 2027 के अहम मैच खेले जाने हैं। ऐसे में टीम इंडिया को इस सीरीज से वर्ल्ड कप 2027 में खूब फायदा मिल सकता है।
दिसंबर 2023 में भारत ने आखिरी बार साउथ अफ्रीका दौरे पर वनडे सीरीज खेली थी। ऐसे में भारत को वर्ल्ड कप से पहले साउथ अफ्रीका की तेज और उछाल भरी पिचों पर प्रैक्टिस करने की काफी जरूरत थी। यह सीरीज भारत की वर्ल्ड कप तैयारियों को पुख्ता करेगा।
भारत का वर्ल्ड कप 2027 शेड्यूल
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने अगले साल अफ्रीकी महाद्वीप में होने वाले पुरुष वनडे विश्व कप का कार्यक्रम बृहस्पतिवार को घोषित कर दिया जिसके अनुसार पिछली बार का उपविजेता भारत अपने अभियान की शुरुआत सात अक्टूबर को केपटाउन के न्यूलैंड्स स्टेडियम में मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगा।
शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम 10 अक्टूबर को जोहानिसबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगी।
भारत 14 अक्टूबर को सेंचुरियन (प्रिटोरिया, जिसे अब तशवाने के नाम से जाना जाता है) में अफगानिस्तान से भिड़ेगा, जिसके बाद 24 अक्टूबर को नवनिर्मित विक्टोरिया फॉल्स स्टेडियम में पानीसह-मेजबान जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच खेलेगा।
भारत का मुक़ाबला 17 अक्टूबर को ब्लूमफ़ोनटेन में एक क्वालिफ़ायर से होगा।
दोनों सेमीफाइनल मैच क्रमशः 17 और 18 नवंबर को केपटाउन और सेंचुरियन में खेले जाएंगे जबकि फाइनल 21 नवंबर को वांडरर्स स्टेडियम में खेला जाएगा।
किसी भी टीम को फाइनल तक पहुंचने से पहले 11 मैच खेलने होंगे। फाइनल 12वां मैच होगा।
भारत को ग्रुप ए में ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, सह-मेजबान जिम्बाब्वे, अफगानिस्तान और क्वालीफाई करने वाली टीमों में से एक के साथ रखा गया है।
ग्रुप बी में इंग्लैंड, सह-मेजबान दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, बांग्लादेश, श्रीलंका और दूसरा क्वालीफायर शामिल हैं।
ग्रुप लीग के चरण समाप्त होने के बाद, सुपर 7 टूर्नामेंट 25 अक्टूबर से शुरू होगा, जिसमें प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष तीन टीमें और दोनों ग्रुपों में से बेहतर स्थिति वाली चौथी टीम अगले चरण के लिए क्वालीफाई करेंगी।


