दिल्ली T20 मैच में टीम इंडिया की बड़ी कमजोरी हुई उजागर, काम नहीं आई गौतम गंभीर की ये रणनीति
भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ 7 विकेट से जीत दर्ज की, लेकिन इस मैच की पहली पारी के दौरान टीम इंडिया की एक बड़ी कमजोरी भी उजागर हो गई, जो टीम मैनेजमेंट को सोचने पर मजबूर कर सकती है।

टीम इंडिया ने नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए 3 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के पहले मुकाबले में अफगानिस्तान के खिलाफ धमाकेदार जीत दर्ज की। पहले गेंदबाजों ने कहर बरपाया और फिर बल्लेबाजों ने धमाल मचाया। भारत ने मैच 7 विकेट के अंतर से जीता और सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। हालांकि, इस मैच की पहली पारी के दौरान टीम इंडिया की एक बड़ी कमजोरी भी उजागर हो गई, जो टीम मैनेजमेंट को सोचने पर मजबूर कर सकती है।
अगर आपने गौतम गंभीर के कोचिंग टेन्योर को फॉलो किया होगा तो आप जानते होंगे कि वह ऑलराउंडर्स को प्लेइंग इलेवन में ज्यादा तरजीह देते हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ भी सीरीज के शुरुआती मैच में ऐसा ही दिखा, लेकिन ये फैसला उस समय कमजोर साबित हुआ, जब भारतीय टीम पांचवें गेंदबाज की तलाश में भटकती नजर आई। तीन गेंदबाजों ने मिलकर चार ओवर निकाले और उन चार ओवरों में 59 रन भारत को पड़े, जबकि स्कोर ही पूरा अफगानिस्तान का 157 था। बाकी के 16 ओवर में 98 रन ही भारत ने दिए।
जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने तो अपने 4-4 ओवर निकाल लिए और इस तरह 16 ओवर आसानी से भारत ने निकाले। इन्होंने 6 विकेट भी निकाले, लेकिन भारत ने इस मैच में कुल 7 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया, क्योंकि कोई पांचवां दमदार विकल्प भारत के पास नहीं था। दो ओवर कप्तान श्रेयस अय्यर ने नितीश कुमार रेड्डी से निकलवाए, जिन्होंने बिना कोई विकेट लिए 30 रन दिए। एक ओवर बीच में पार्ट टाइम स्पिनर अभिषेक शर्मा को दिया गया, जिन्होंने फिर भी 8 रन दिए। आखिरी ओवर शिवम दुबे को दिया गया, जिन्होंने 21 रन दिए।
इस तरह भारतीय टीम के लिए पांचवें गेंदबाज (तीन गेंदबाजों ने मिलकर 4 ओवर किए) ने कोई विकेट भी नहीं लिया और 59 रन लुटा दिए। ये तो फिर भी अफगानिस्तान की टीम है। अगर कोई अन्य टीम होती तो रनों की संख्या और ज्यादा हो सकती थी। इस पर भारतीय मैनेजमेंट को विचार करना होगा। आप दो ऑलराउंडर्स की जगह एक प्रोपर बॉलर को खिला सकते हैं, जो अच्छा विकल्प आपके लिए हो सकता है, क्योंकि शिवम दुबे और नितीश रेड्डी को मिलाकर आप 4 ओवर निकलवा सकते हैं, लेकिन इसकी गारंटी नहीं है कि ये रन नहीं लुटाएंगे। अब देखना ये है कि टीम मैनेजमेंट आने वाले मैचों में किस कॉम्बिनेशन के साथ जाएगा।



