क्या वैभव सूर्यवंशी को आज मिलेगा मौका? चौथे T20I में ऐसी हो सकती है भारत की प्लेइंग XI
India Probable Playing XI For Hyderabad T20I: वैभव सूर्यवंशी ने वेस्टइंडीज टी20 सीरीज में अब तक कोई मैच नहीं खेला है। सीरीज का चौथा टी20 हैदराबाद के मैदान पर आयोजित होगा।

भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज चल रही है। भारत ने फिलहाल 2-1 की बढ़त बना रखी है। बुधवार को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में चौथा टी20 मुकाबला खेला जाएगा। श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम की नजर जहां अजेय बढ़त हासिल करने पर होगी तो वहीं वेस्टइंडीज मैच जीतकर सीरीज में बने रहने का प्रयास करेगी। तीसरा टी20 इंदौर के मैदान पर आयोजित हुआ था, जिसमें मेजबान टीम ने 223 का स्कोर बनाने के बाद 14 रनों से जीत दर्ज की। युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को मौजूदा सीरीज में अभी तक भारत की प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली है। उन्होंने जुलाई 2026 में इंटरनेशनल डेब्यू किया था। हालांकि, 15 वर्षीय ओपनर को भारतीय सरजमीं पर इंटरनेशनल मैच खेलने का चांस नहीं मिला है।
क्या वैभव सूर्यवंशी को आज मिलेगा मौका?
वैभव सूर्यवंशी को आज हैदराबाद में चौथे टी20 में भी मौका मिलने की संभावना नहीं है। भारतीय टीम मैनेजमेंट द्वारा एक बार फिर अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की सलामी जोड़ने पर भरोसा जताने की उम्मीद है। अभिषेक ने इंदौर में 69 रनों की तूफानी पारी खेली थी। संजू ने भले ही मैच में तीन रन बनाए लेकिन उन्होंने दूसरे टी20 में 82 रनों की आतिशी पारी खेली थी। भारत शायद ही हैदराबाद T20I में अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव करे। दरअसल, टीम इंडिया का इंदौर में कुलदीप यादव की जगह एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज को खिलाने का फैसला के लिए सही साबित हुआ। ऐसे में भारत सेम कॉम्बिनेशन के साथ ही उतर सकता है और सूर्यवंशी को अभी और इंतजार करना होगा।। इंदौर में पेसर अर्शदीप सिंह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए थे। उन्होंने चार ओवर में 44 रन देकर तीन विकेट चटकाए।
क्या वेस्टइंडीज टीम करेगी इलेवन में फेरबदल?
वेस्टइंडीज टीम द्वारा भी प्लेइंग इलेवन में किसी तरह के फेरबदल की संभावना नहीं है। हालांकि, वेस्टइंडीज को रोमारियो शेफर्ड की फिटनेस की चिंता सता रही होगी। वह रांची में दूसरे मैच में बॉलिंग करते समय चोटिल हो गए थे लेकिन उस रात रोमारियो ने बैटिंग की थी। उन्हें अनफिट होने के कारण इंदौर T20I से बाहर होना पड़ा था। शेरफान रदरफोर्ड ने अभी तक 189 के स्ट्राइक रेट से 172 रन बनाए हैं। कप्तान शाई होप ने 182 की स्ट्राइक रेट से 159 रन जुटाए हैं। बता दें कि भारत ने हैदराबाद में अब तक तीन T20I मैच खेले है और सभी में जीत हासिल की। भारत ने यहां 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 208 रन का लक्ष्य हासिल किया था। यह मैच विराट कोहली और केसरिक विलियम्स के बीच हुई टक्कर के लिए जाना जाता है।
भारत की संभावित प्लेइंग XI: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नमन धीर, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, मयंक यादव।
वेस्टइंडीज की संभावित प्लेइंग XI: शाई होप (कप्तान और विकेटकीपर), कामिल पूरन, शिम्रोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैम्पसन, कीमो पॉल, शमर स्प्रिंगर, रोस्टन चेज, शमर जोसेफ, गुडाकेश मोटी।



