रोहित शर्मा से कप्तानी छीनना पड़ रहा महंगा? गंभीर-गिल ने ODI में कटाई नाक; देख लीजिए आंकड़े
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद से वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में टीम इंडिया की सफलता का ग्राफ गिर गया है। गिल-गंभीर की जोड़ी उतनी सफल नहीं दिखाई दी है। 6 मैच अब तक टीम हार चुकी है और 3 सीरीज भी गंवा चुकी है।

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की विजेता भारतीय टीम रोहित शर्मा की कप्तानी में बनी थी, लेकिन इसके बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने कप्तानी शुभमन गिल को सौंप दी। सिलेक्टर्स ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए रोहित से कप्तानी ले ली थी और गिल को नया कप्तान वनडे क्रिकेट में घोषित किया था। इसके बाद से शुभमन गिल ने गौतम गंभीर के साथ मिलकर एक नई जोड़ी बनाई। गौतम गंभीर पहले से ही हेड कोच थे, लेकिन यह जोड़ी वनडे क्रिकेट में कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई है। टेस्ट क्रिकेट में भी हाल बहुत बढ़िया दोनों की जोड़ी का नहीं हैं।
दरअसल, चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद से भारत ने अब तक चार वनडे सीरीज खेली हैं। इनमें से 3 सीरीज भारत गिल और गंभीर की जोड़ी के नेतृत्व में हार चुकी है। शुभमन गिल ने कप्तान रहते हुए सिर्फ एक ही वनडे सीरीज जीती है और वह भी अफगानिस्तान के खिलाफ थी। गिल-गंभीर की जोड़ी ने ऑस्ट्रेलिया के कठिन दौरे से वनडे टीम की कप्तानी और कोचिंग की शुरुआत की थी। उस 3 मैचों की सीरीज में भारत को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा था।
घर पर भी मिली टीम इंडिया को हार
इसके बाद भारतीय टीम ने घर पर न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज खेली। उस सीरीज में भी टीम इंडिया 2-1 से हार गई। वहीं, जून 2026 में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली, जिसमें 3-0 से जीत दर्ज की और अब इंग्लैंड में भारत को 3 मैचों की ही वनडे सीरीज में 2-1 से हार मिली है। गिल और गंभीर की जोड़ी ने अब तक 12 मैचों में साथ में काम किया है और उनमें से 6 मुकाबले भारत हारा और इतने ही मैच जीता है, जिनमें से 3 मैचों में जीत अफगानिस्तान की कमजोर कही जाने वाली टीम के खिलाफ आई हैं। एक और सीरीज भारत ने इस दौरान साउथ अफ्रीका के खिलाफ केएल राहुल की कप्तानी में खेली थी, जिसे 2-1 से भारत ने जीता था।
टेस्ट में भी ज्यादा सफल नहीं गंभीर-गिल की जोड़ी
टेस्ट क्रिकेट में भी यह जोड़ी उतनी सफल नहीं दिखाई दी है। 9 टेस्ट मैचों में गिल और गंभीर की कप्तान-कोच वाली जोड़ी साथ में दिखी है। इनमें से 5 मैचों में टीम को जीत मिली है, जबकि 3 मैचों में हार मिली है। एक मैच ड्रॉ रहा है। इंग्लैंड में भारत ने पांच मैचों की सीरीज इस जोड़ी के साथ 2-2 से बराबरी कराई थी और घर पर वेस्टइंडीज को 2-0 से धराशायी किया था। हालांकि, साउथ अफ्रीका से 2-0 से हार (एक मैच में ऋषभ पंत कप्तान थे) भी इसी जोड़ी को मिली, जबकि एकमात्र टेस्ट मैच में अफगानिस्तान को भारत ने हराया हुआ है।



