
ICC Women Cricket World Cup Semi Final Scenario: भारत अभी नहीं हुआ है बाहर! जानें कैसे मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट
संक्षेप: Team India ICC Women Cricket World Cup Semi Finals Scenario- हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम इंडिया अभी वुमेंस वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर नहीं हुई है। भारत के अगले दो मैच न्यूजीलैंड और बांग्लादेश से है।
Team India ICC Women Cricket World Cup Semi Finals Scenario- भारतीय महिला क्रिकेट टीम को रविवार, 19 अक्टूबर की रात इंग्लैंड के हाथों करीबी मुकाबले में 4 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इसी के साथ हरमनप्रीत कौर की टीम ने टूर्नामेंट में हार की हैट्रिक लगाई। हालांकि इस हार के बावजूद भारत टूर्नामेंट से बाहर नहीं हुआ है, मगर उनकी सेमीफाइनल की राह कठिन जरूर हो गई है। भारत के वुमेंस वर्ल्ड कप में 2 मुकाबले बाकी है, अब अगर टीम इंडिया को सेमीफाइनल का टिकट हासिल करना है तो उन्हें इन दोनों ही मैच में जीत दर्ज करनी होगी। यहां से एक भी चूक उनपर भारी पड़ सकती है।

न्यूजीलैंड से होगा वर्चुअल क्वार्टर फाइनल
भारत का अगला मैच न्यूजीलैंड से है, जो एक वर्चुअल क्वार्टर फाइनल के रूप में खेला जाएगा। दरअसल, वुमेंस वर्ल्ड कप 2025 सेमीफाइनल के लिए ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड की टीमें क्वालीफाई कर चुकी है। अब सिर्फ एक ही स्थान बचा है जिसके दो मुख्य दावेदार भारत और न्यूजीलैंड ही है। 23 अक्टूबर को होने वाले INDW vs NZ के इस मैच में जो टीम जीत दर्ज करेगी सेमीफाइनल में उसके पहुंचने के चांसेस अधिक होंगे।
भारत और न्यूजीलैंड दोनों के पास ही अधिकतम 8-8 पॉइंट्स तक पहुंचने का मौका है, मगर भारत के फेवर में नेट रनरेट है। टीम इंडिया का नेट रन रेट +0.526 का तो न्यूजीलैंड का -0.245 का है।
भारत के सेमीफाइनल में पहुंचने के चांसेस क्यों अधिक?
हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम इंडिया को अगले दो मैच न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के खिलाफ खेलने हैं। वहीं कीवी टीम के अगले दोनों ही मैच कठिन है। भारत के बाद उन्हें इंग्लैंड से भिड़ना है जो अभी तक टूर्नामेंट का एक भी मैच नहीं हारी है। अगर न्यूजीलैंड भारत को अगले मैच में हरा भी देता है तो मामला अंत में 6-6 अंकों पर अटक सकता है। इस स्थिति में भारत का पॉजिटिव रनरेट अपना कमाल दिखाएगा।
कैसा रहा INDW vs ENGW मैच?
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने हीथर नाइट (109) के शतक के दम पर निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 288 रन बोर्ड पर लगाए। नाइट के अलावा एमी जोन्स ने शानदार अर्धशतक जड़ा। एक समय ऐसा था जब लग रहा था कि इंग्लैंड आसानी से 300 रन का आंकड़ा पार कर जाएगा, मगर भारतीय गेंदबाजों ने अंत में वापसी की और इंग्लिश टीम को थोड़े कम स्कोर पर रोका। दीप्ति शर्मा ने इस दौरान 4 विकेट चटकाए।
289 के टारगेट का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। प्रतिका रावल 6 तो हरलीन देओल 24 रन बनाकर पहले 10 ओवर में ही पवेलियन लौट गईं। भारत ने 42 के स्कोर पर 2 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद बैटिंग करने आईं कप्तान हरमनप्रीत कौर (70) ने ओपनिंग बैटर स्मृति मंधाना (88) के साथ शतकीय साझेदारी कर टीम को मुश्किल से निकाला। हरमन के आउट होने के बावजूद मंधाना एक छोर से लगी हुई थी। इस दौरान दीप्ति शर्मा (50) ने भी शानदार अर्धशतक जड़ा। जैसे ही मंधाना आउट हुई भारतीय पारी लड़खड़ा गई। ऋचा घोष भी कुछ कमाल नहीं कर पाई। भारत को इस मैच में 4 रनों से हार का सामना करना पड़ा।






