टीम इंडिया का 'ट्रिपल' अटैक, एक दिन में तीन देशों में मैच जीतकर वर्ल्ड क्रिकेट को दिखाई अपनी पावर
भारत के लिए 17 जून का दिन क्रिकेट के नजरिए से शानदार रहा। टीम इंडिया ने एक दो नहीं बल्कि 3-3 मैच जीते। इन सभी मुकाबलों में भारत ने विपक्षी टीम को बड़े अंतर से हराया। इसमें वुमेंस क्रिकेट का IND W vs NED W मैच भी शामिल है।

भारत एक क्रिकेटिंग हब है, यहां खिलाड़ियों और टैलेंट की कोई कमी नहीं है…अकसर यह बातें आपने विदेशी एक्सपर्ट्स के मुंह से सुनी होगी। इसका क्रेडिट वह भारतीय डोमेस्टिक क्रिकेट के मजबूत ढांचे और आईपीएल व डब्ल्यूपीएल को देते हैं। भारत ने इसका जीता-जागता उदहारण 17 जून को दिया जब टीम इंडिया को तीन अलग-अलग देशों में तीन मैच खेलने पड़े। इन तीनों ही मुकाबलों में टीम इंडिया ने धमाकेदार जीत दर्ज करते हुए विपक्षी टीम को बुरी तरह रौंदा। एक मैच में भी ऐसा नहीं लगा कि भारत मुश्किल में है। दो मुकाबले मेंस टीम के थे, वहीं एक मैच भारत का आईसीसी वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप में था। आईए एक नजर तीनों मुकाबलों के मैच रिजल्ट्स पर डालते हैं-
IND A vs AFG A हाइलाइट्स
श्रीलंका में जारी ट्राई नेशन ए सीरीज के पिछले दो मुकाबलों में भारत को हार का सामना करना पड़ा था। फाइनल में जगह बनाने के लिए भारत के लिए यह मैच काफी अहम हो गया था। ऐसे में टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने अपना दमखम दिखाते हुए भारत को बड़ी जीत दिलाई। टॉस हार कर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया ने अपने बैटिंग ऑर्डर में बदलाव किए। प्रभसिमरन सिंह को बाहर कर प्रियांश आर्या (58) को वैभव सूर्यवंशी (38) के साथ पारी का आगाज करने का मौका मिला। यह ट्रिक भारत के काम आई और दोनों खिलाड़ियों ने बड़े स्कोर की नींव रखी। इसके बाद कप्तान तिलक वर्मा (59) और कुमार कुशागर (58) के अर्धशतकों के दम पर भारत ने 319 रन बोर्ड पर लगाए।
इस स्कोर का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम पूरे 50 ओवर खेले बिना 218 पर ही सिमट गई। निशांत सिंधू 4 विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द मैच बने। भारत ने यह मुकाबला 101 रनों के अंतर से जीता।
India vs Afghanistan हाइलाइट्स
भारत का दिन का दूसरा मुकाबला अफगानिस्तान के खिलाफ ही था। यह सीनियर टीम का मैच था। तीन मैच की सीरीज के पहले मुकाबले को जीतकर शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम इंडिया इकाना स्टेडियम पहुंची थी। यहां पहले बैटिंग करते हुए भारत ने 402 रन बोर्ड पर लगाकर अफगानिस्तान पर शिकंजा कस दिया था। शुभमन गिल ने 154 तो ईशान किशन ने 125 रनों की शानदार पारी खेलते हुए शतक जड़े थे। भारत ने 8वीं बार वनडे क्रिकेट में 400 रन का आंकड़ा पार किया।
अफगानिस्तान की बल्लेबाज यहां भी चरमरा गई थी, पूरी टीम 50 ओवर खेले बिना 232 रनों पर ढेर हो गई थी। भारत ने दूसरा वनडे 170 रनों के बड़े अंतर से जीतकर 2-0 से सीरीज में अजेय बढ़त बनाई।
IND W vs NED W हाइलाइट्स
भारत का दिन का तीसरा मैच शाम 7 बजे शुरू हुआ, जब वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का सामना नीदरलैंड्स से हुआ। यहां भी भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 209 रन बोर्ड पर लगाए। वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप में भारत का यह हाईएस्ट स्कोर है और टीम इंडिया ने पहली बार यहां 200 रन का आंकड़ा पार किया है। स्मृति मंधाना (74) और शेफाली वर्मा (55) ने शानदार अर्धशतक जड़ते हुए भारत को अच्छी शुरुआत दी।
210 के टारगेट का पीछा करने उतरी नीदरलैंड्स की टीम भी भारतीय गेंदबाजी के आगे पूरे 20 ओवर नहीं टिक पाई। 17.3 ओवर में उन्होंने 114 के स्कोर पर अपने हथियार डाल दिए। भारत ने टूर्नामेंट की लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए 95 रनों के बड़े अंतर से यह मैच जीता।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


