भारत का WTC फाइनल में पहुंचना मुश्किल, लेकिन नामुमकिन नहीं; कितने मैच जीतने होंगे?
15 अगस्त को श्रीलंका के खिलाफ शुरू हो रही दो मैच की टेस्ट सीरीज के जरिए भारत की नजरें एक बार फिर WTC फाइनल पर होगी। इस बार भी टीम इंडिया का खिताबी मुकाबले में जगह बनाना मुश्किल नजर आ रहा है।

शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम इंडिया 15 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ शुरू हो रही 2 मैच की टेस्ट सीरीज के साथ एक भार फिर WTC फाइनल में जगह बनाने को देखेगी। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के हुए अभी तक तीन चक्र में भारत ने दो बार फाइनल में जगह बनाई है। पहली बार टीम इंडिया को विराट कोहली की अगुवाई में न्यूजीलैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा था, जबकि दूसरी बार ऑस्ट्रेलिया ने भारत को पटखनी दी थी। पिछले चक्र में टीम इंडिया खिताबी मुकाबले में जगह बनाने से चूक गई थी। साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच फाइनल हुआ था, जिसमें अफ्रीकी टीम ने जीत दर्ज कर आईसीसी ट्रॉफी का सूखा खत्म किया था।
WTC फाइनल की रेस इस बार भी रोमांचक हो रखी है। टीम इंडिया फिलहाल 5वें पायदान पर है। आइए जानते हैं कि भारत को फाइनल में पहुंचने के लिए कितने मैच जीतने होंगे।
WTC 2025-27 में भारत का प्रदर्शन
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 में भारत ने अभी तक तीन सीरीज खेली है। इंग्लैंड के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेलने के बाद भारत ने घर पर वेस्टइंडीज को 2-0 से रौंदा, मगर साउथ अफ्रीका के खिलाफ उन्हें 0-2 से हार का भी सामना करना पड़ा।
अब भारत को मौजूदा WTC चक्र में तीन और सीरीज खेलनी है। दो सीरीज घर के बाहर है तो एक सीरीज घर पर।
श्रीलंका और न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया घर के बाहर खेलेगी, वहीं ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी करेगी।
भारत को जीतने होंगे 8 मैच
भारत के मौजूदा WTC चक्र में 9 मैच बाकी है। 2 मैच टीम इंडिया को श्रीलंका के खिलाफ खेलने हैं, इतने ही मैचों की सीरीज भारत न्यूजीलैंड के खिलाफ भी खेलेगा। वहीं 5 मैच उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलने हैं।
स्पोर्ट्सकीड़ा के आंकड़ों के अनुसार, शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम इंडिया को अगर WTC फाइनल में जगह बनानी है तो इन 9 में से 8 मुकाबले जीतने होंगे। यह काम जरूर टीम इंडिया के लिए मुश्किल है, मगर नामुमकिन नहीं।
ऑस्ट्रेलिया खेल सकता है लगातार तीसरा फाइनल
आंकड़ों के अनुसार ऑस्ट्रेलिया को मौजूदा WTC चक्र में 14 और मुकाबले खेलने हैं, फाइनल में जगह बनाने के लिए उन्हें 8 ही मैच जीतने होंगे। ऐसे में उनके लिए यह काम काफी आसान दिख रहा है।
वहीं मौजूदा चैंपियन साउथ अफ्रीका को 10 में से 6, न्यूजीलैंड को 10 में से 7 और बांग्लादेश को 8 में से 6 मैच जीतने हैं।
इंग्लैंड और वेस्टइंडीज का फाइनल में पहुंचना नामुमकिन है। वहीं पाकिस्तान को अगर पहली बार खिताबी मुकाबले में जगह बनानी है तो बचे 7 के 7 मैच जीतने होंगे। श्रीलंका की स्थिति भी भारत जैसी है, उन्हें 8 में से 7 मैच जीतने है।



