भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के चाचा ने की बड़ी मांग, बोले- गाजीपुर में ये काम होना चाहिए
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के चाचा ने गाजीपुर में स्टेडियम बनाने की मांग की है। सूर्यकुमार के नेतृत्व में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतकर इतिहास रचा है।

टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव के चाचा विनोद यादव ने पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रतिभा को निखारने के लिए गाजीपुर जिले में हर तरह की सुविधाओं से लैस एक खेल स्टेडियम तैयार करने की मांग की है। सूर्यकुमार की टीम ने भारतीय क्रिकेट का एक और स्वर्णिम अध्याय लिखते हुए रविवार को न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर भारत को तीसरी बार टी20 विश्व कप दिलाया। भारतीय टीम लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनी। सूर्यकुमार ने अपना नाम महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा के बाद टी20 विश्व कप जीतने वाले कप्तानों में शामिल कर लिया।
विनोद यादव ने सोमवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि वह अपनी मांगों को लेकर करीब एक महीने पहले उत्तर प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव से मिले थे, जिन्होंने उन्हें आश्वासन दिया था कि वह गाजीपुर में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित स्टेडियम के निर्माण का प्रस्ताव कैबिनेट बैठक में रखेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच के दौरान सूर्यकुमार ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के दौरान इस बारे में बात की थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी मांग पूरी करेगी।
विनोद यादव ने कहा कि उनके भाई अशोक यादव और भाभी सपना यादव (सूर्यकुमार यादव के माता-पिता) फरवरी के मध्य में हथौरा गांव आए थे। उन्होंने गांव के मंदिर के दर्शन किए और फिर वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद वे फाइनल मैच देखने अहमदाबाद चले गए। उन्होंने कहा कि सूर्यकुमार यादव के गाजीपुर दौरे की जानकारी मिलते ही जिले में एक बड़ा जश्न मनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि टी20 विश्व कप के फाइनल के लिए हथौरा गांव में उनके आवास पर कल रात एक बड़ी एलईडी टीवी लगाई गई थी, जहां बड़ी संख्या में गांव के लोगों ने मैच का लुत्फ उठाया। न्यूजीलैंड के आखिरी विकेट गिरने के साथ ही वहां मौजूद दर्शक खुशी से नाचने लगे। सभी ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। भारत की जीत के बाद रविवार रात लखनऊ और उत्तर प्रदेश के अन्य शहरों की सड़कों पर प्रशंसक जश्न में तिरंगा लहराते हुए खुशी से झूमते देखे गए।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



