IND vs ENG: सीरीज डिसाइडर के लिए लंदन पहुंची टीम इंडिया, इस अंदाज में नजर आए रोहित शर्मा; VIDEO

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

इंडिया वर्सेस इंग्लैंड तीसरा और निर्णायक वनडे लॉर्ड्स में खेला जाना है। भारतीय टीम इस अहम मुकाबले के लिए लंदन पहुंच चुकी है। बीसीसीआई ने भारतीय खिलाड़ियों के लंदन पहुंचने का वीडियो शेयर किया है।

Rohit Sharma

इंडिया वर्सेस इंग्लैंड तीन मैच की वनडे सीरीज का तीसरा और निर्णायक वनडे 19 जुलाई को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स स्टेडियम में खेला जाना है। इस मैच के लिए भारतीय टीम लंदन पहुंच चुकी है। बीसीसीआई ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर एक वीडियो पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। वीडियो में भारतीय खिलाड़ी एयरपोर्ट से बाहर निकलते हुए और बस में बैठकर होटल पहुंचते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान सीनियर खिलाड़ी जैसे रोहित शर्मा और विराट कोहली के साथ शुभमन गिल की अगुवाई वाली यंग ब्रिगेड का स्वैग देखने को मिल रहा है। फिलहाल हर किसी का ध्यान इस समय पूर्व कप्तान रोहित शर्मा पर ही है।

रोहित शर्मा को लेकर रिपोर्ट्स आईं थी कि लॉर्ड्स वनडे उनके इंटरनेशनल करियर का आखिरी मैच हो सकता है। दरअसल, मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर हिटमैन को साफ शब्दों में कह चुके हैं कि वह अब वर्ल्ड कप 2027 स्कीम का हिस्सा नहीं हैं। ऐसे में कहा जा रहा था कि रोहित तीसरे वनडे के साथ रिटायरमेंट का ऐलान कर सकते हैं। मगर इससे पहले बीसीसीआई ने इस मामले पर चुप्पी तोड़ी और इन्हें महज अफवाह बताया। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने फैंस को आश्वासन दिया कि रोहित वर्ल्ड कप 2027 स्कीम का हिस्सा हैं और वह लॉर्ड्स वनडे के बाद रिटायरमेंट नहीं ले रहे हैं।

दाव पर लगी सीरीज

भारत ने सीरीज का पहला मैच जीतकर 1-0 की बढ़त बनाई थी। कप्तान शुभमन गिल ने 80 रनों की नाबाद पारी खेली थी। वहीं अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर ने भी दबाव में फिफ्टी जड़ी थी। अक्षर पटेल का इस मैच में ऑलराउंड परफॉर्मेंस रहा था। उन्होंने अर्धशतक जड़ने के साथ 4 विकेट भी चटकाए थे, जिस वजह से उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।

हालांकि दूसरे मुकाबले में मेजबानों ने शानदार कमबैक करते हुए भारत को धूल चटाई। जो रूट की 99 रनों की नाबाद पारी ने इंग्लैंड को सीरीज में 1-1 से बराबरी कराने में मदद की। विराट कोहली और श्रेयस अय्यर को छोड़कर भारतीय बल्लेबाजों ने दूसरे मैच में निराश किया।

कोहली पहले मैच में जरूर फेल हुए थे, मगर दूसरे वनडे में उन्होंने 65 रनों की पारी खेल कमबैक किया। हालांकि 178 के स्कोर पर उनका विकेट गिरने के बाद पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई। भारतीय टीम पूरे 50 ओवर भी नहीं टिक पाई और 233 के स्कोर पर घुटने टेक दिए।

रोहित शर्मा से बड़ी पारी की उम्मीद

इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो वनडे में रोहित शर्मा का बल्ला खामोश रहा है। लॉर्ड्स में खेले जाने वाले तीसरे और आखिरी मुकाबले में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी। रोहित शर्मा बल्लेबाजी करते समय दबाव में नजर आ रहे हैं। दूसरे वनडे में भी उन्होंने 26 रन बनाने के लिए 47 गेंदें ली थी। रोहित को अब अपना पुराना हिटमैन अंदाज अपनाने की जरूरत है। इससे उन्हें पहले भी सफलता मिली है।

Lokesh Khera

लेखक के बारे में

Lokesh Khera

लोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट Cricket Live Score, Cricket Schedule, और Cricket News in Hindi के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी बड़े मुकाबलों के पल-पल के अपडेट्स और देश-दुनिया की हर क्रिकेट खबर सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।