वरुण चक्रवर्ती को मैच से पहले ऐसा करना पसंद... कोच मोर्नी मोर्कल ने बताया स्पिनर से क्या कहा?
भारत और इंग्लैंड के बीच गुरुवार को मुंबई में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल खेला जाना है। स्पिनर वरूण चक्रवर्ती ने अहम मुकाबले से पहले नेट्स पर पसीना बहाया।

स्पिनर वरुण चक्रवर्ती समेत चार भारतीय क्रिकेटरों ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 सेमीफाइनल से पहले मुंबई की भीषण गर्मी में अभ्यास किया। पिछले एक साल से बीच के ओवरों में भारत के 'ट्रंपकार्ड' रहे चक्रवर्ती अपनी रफ्तार बढाने के बाद से और प्रभावी हो गए हैं। पिछले एक साल में उन्होंने 13.19 की औसत और सात के करीब इकॉनॉमी रेट से 36 विकेट लिए हैं। टी20 विश्व कप के शुरुआती चरण में तो वह प्रभावी रहे लेकिन सुपर आठ में उस प्रदर्शन को कायम नहीं रख सके।
मंगलवार की रात अभ्यास सत्र के बाद वह बुधवार को आराम कर सकते थे लेकिन उन्होंने अभ्यास करने का फैसला किया। मैदान पर सहयोगी स्टाफ के सदस्य टी दिलीप, मोर्नी मोर्कल, रियान टेन डोइशे और सितांशु कोटक भी मौजूद थे जिन्होंने चक्रवर्ती से लंबी बात की। मोर्कल ने बाद में कहा, ''वरूण के साथ सामान्य अभ्यास सत्र था। वह मैच से पहले अभ्यास पसंद करता है। मैंने उससे यही कहा कि उसमें हर गेंद पर विकेट लेने की क्षमता है।'' इंग्लैंड की तरह भारत का भी सेमीफाइनल तक का सफर आसान नहीं रहा है, लेकिन गेंदबाजी कोच मोर्केल ने घरेलू टीम के अब तक के प्रदर्शन में निरंतरता नहीं रहने को खास तवज्जो नहीं दी। उन्होंने कहा कि सेमीफाइनल तक पहुंचने का तरीका नहीं बल्कि अगले दो मैच जीतना मायने रखता है।
टी20 विश्व कप में मौजूदा चैंपियन भारत को प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन टूर्नामेंट में अब तक उसका प्रदर्शन उतार-चढ़ाव वाला रहा है। वेस्टइंडीज के खिलाफ उसे करो या मरो की स्थिति का सामना करना पड़ा, लेकिन उसने किसी तरह जीत हासिल कर ली। मोर्केल ने कहा कि पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ मिली जीत अब मायने नहीं रखती और उन्होंने हैरी ब्रुक की अगुवाई वाली टीम को खतरनाक बताया। कोच ने कहा, ''इंग्लैंड की टीम बेहद चतुर है। उसकी टीम में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और उनकी बल्लेबाजी में गहराई है जिससे वह एक बहुत ही खतरनाक टीम बन जाती है।''
सेमीफाइनल के सफर तक बीच में लड़खड़ाने वाली भारतीय टीम को अब गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले सेमीफाइनल में इंग्लैंड के स्पिन गेंदबाजों की चुनौती का सामना करना होगा जिसमें दोनों टीम एक दूसरे पर अपनी श्रेष्ठ साबित करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगी। पिच के बारे में मोर्केल ने कहा, ''मैच से एक दिन पहले हम पक्के तौर पर नहीं कह सकते कि विकेट कैसा खेलेगा। भारत में अचानक बहुत गर्मी हो गई है, इसलिए नमी बनाए रखना और विकेट को सूखने से बचाना, मेरे विचार में बहुत महत्वपूर्ण होगा। टीम का चयन मैच के दिन की स्थिति के आधार पर किया जाएगा।''
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



