न्यूजीलैंड के फिन एलन ने तोड़ा अभिषेक शर्मा का बड़ा रिकॉर्ड, टी20 में बना दिए सबसे तेज 5000 रन
भारत के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा टी20 में दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में माने जाते हैं। उनके नाम ही टी20 में सबसे तेज 5000 रन बनाने का रिकॉर्ड था लेकिन अब इस रिकॉर्ड को न्यूजीलैंड के फिन एलन ने अपने नाम कर लिया है।

टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड ने बुधवार को इतिहास रच दिया। उसने यूएई के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल के इतिहास में बिना कोई विकेट खोए दूसरे सबसे बड़े चेज का रिकॉर्ड बना डाला। यूएई ने 173 रन बनाए थे और न्यूजीलैंड ने बिना कोई विकेट खोए ही 16वें ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। टिम सीफर्ट ने नाबाद 89 और फिन एलन ने नाबाद 84 रन की पारी खेली। इसी के साथ एलेन ने टी20 क्रिकेट में सबसे कम गेंद में 5 हजार रन बनाने का अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
भारत के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा टी20 में दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में माने जाते हैं। उनके नाम ही टी20 में सबसे तेज 5000 रन बनाने का रिकॉर्ड था लेकिन अब इस रिकॉर्ड को फिन एलन ने अपने नाम कर लिया है।
एलन ने सिर्फ 2854 गेंदों में 5000 टी20 रन पूरे किए हैं। इस आंकड़ें तक पहुंचने के लिए अभिषेक शर्मा ने 2898 गेंदों का सामना किया था। इस तरह एलन ने टी20 में 5000 रन के मुकाम पर पहुंचने के लिए अभिषेक के मुकाबले 44 कम गेंदें खेली। लिस्ट में तीसरे नंबर पर वेस्टइंडीज के धुरंधर आंद्रे रसेल हैं जिन्होंने 2942 गेंदों में 5 हजार टी20 रन का आंकड़ा छुआ था।
विस्फोटक बल्लेबाज टिम डेविड इस लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं। उन्होंने टी20 में 5 हजार रन के आंकड़े तक पहुंचने के लिए 3127 गेंदों का सामना किया। पांचवें नंबर पर विल जैक्स हैं जिन्होंने 3196 गेंदों में 5 हजार रन का आंकड़ा छुआ।
यूएई के खिलाफ मैच में एलेन ने 50 गेंदों में 84 रन की अपनी पारी के दौरान 5 चौके और 5 छक्के लगाए। एलेन और सीफर्ट ने पहले विकेट के लिए 175 रनों की नाबाद साझेदारी की। ये टी20 विश्व कप के इतिहास में किसी भी विकेट के लिए किसी भी जोड़ी की सबसे बड़ी साझेदारी भी है।
टी20 में सबसे तेज 5000 रन
1- फिन एलन- 2854 गेंदों में
2- अभिषेक शर्मा- 2898 गेंदों में
3- आंद्रे रसेल- 2942 गेंदों में
4- टिम डेविड- 3127 गेंदों में
5- विल जैक्स- 3196 गेंदों में
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय, असिस्टेंट एडिटर
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ें


