
नेपाल के जज्बे को अश्विन-युवराज जैसे दिग्गजों ने सराहा, इंग्लैंड को हराने के थे करीब
टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप सी मैच में नेपाल ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ कमाल की लड़ाई दिखाई, लेकिन अंत में 4 रनों से हार गई। क्रिकेट जगत ने नेपाल के जज्बे की जमकर तारीफ की।
नेपाल क्रिकेट टीम ने अपने पहले ही मैच में इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करके अन्य टीमों को दिखा दिया है कि उन्हें कमजोर समझने की गलती नहीं करनी चाहिए। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जैकब बेथल और हैरी ब्रूक के अर्धशतक और फिर विल जैक्स की धमाकेदार पारी की बदौलत 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 184 रन बनाए। इंग्लैंड का गेंदबाजी आक्रमण देखकर यही लगा कि नेपाल के लिए इस टोटल तक पहुंचना मुश्किल होगा लेकिन नेपाल के बल्लेबाजों ने गजब का जज्बा दिखाया और आखिरी गेंद तक चले मुकाबले में सिर्फ 4 रन से मैच गंवाया। नेपाल ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 180 रन बनाए। नेपाल की इस जूझारू प्रयास पर क्रिकेट दिग्गजों ने प्रतिक्रिया दी है।
भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह ने कहा, ''नेपाल को बहुत सम्मान। दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक के सामने टक्कर ली, आखिरी गेंद तक लड़ते रहे और दिखाया कि विश्वास और जज्बा क्या कर सकता है। इसी तरह टीमें आगे बढ़ती हैं और चैंपियन उभरते हैं। क्रिकेट की दुनिया (आपको) देख रही है!"
रविचंद्रन अश्विन ने लिखा, “नेपाल से कमाल का प्रदर्शन। वे निश्चित रूप से उभरते हुए क्रिकेट देशों में सर्वश्रेष्ठ में से एक हैं। उनमें अपार क्षमता और आगे बढ़ने की बहुत गुंजाइश है।”
इरफान पठान ने ट्वीट किया, “फिनिशिंग टच की कमी थी, लेकिन नेपाल स्पष्ट रूप से सही रास्ते पर है। उन्हें इंग्लैंड को दबाव में डालते देख बहुत अच्छा लगा।”
दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज डेल स्टेन ने भी टीम की तारीफ करते हुए एक्स पर लिखा, "नेपाल, अगर कभी जरूरत पड़ी तो मैं अपनी सेवाएं देने को तैयार हूं! बस ऊपर, और ऊपर, और ऊपर बढ़ते रहो!"
नेपाल इस मुकाबले में उलटफेर कर इतिहास रचने के बहुत करीब पहुंच गया था। उसने इंग्लैंड के सात विकेट पर 184 रन के जवाब में छह विकेट पर 180 रन बनाए। लोकेश बाम (20 गेंद में नाबाद 39 रन) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेपाल की उलटफेर भरी जीत की उम्मीद बनाए रखी, लेकिन आखिरी ओवर में जीत नहीं दिला सके। नेपाल को आखिरी ओवर में जीत के लिए 10 रन चाहिए था, लेकिन सैम करन ने अंतिम ओवर में लगातार यॉर्कर फेंकीं और नेपाल की टीम सिर्फ पांच रन ही बना पाई।

लेखक के बारे में
Himanshu Singhहिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)
हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।
परिचय और अनुभव
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।
खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी





