T20 वर्ल्ड कप: खिताब की प्रबल दावेदार भारत की नजरें अमेरिका पर शानदार जीत के साथ आगाज पर

Feb 06, 2026 01:21 pm ISTChandra Prakash Pandey मुंबई, भाषा
share Share
Follow Us on

सितारों से सजी भारतीय टीम टी20 विश्व कप में शनिवार को आत्मविश्वास से ओतप्रोत अमेरिका के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी। तब खिताब बरकरार रखने वाली पहली टीम बनने का इरादा जेहन में और क्रिकेटप्रेमियों की अपेक्षाओं का बोझ कंधों पर रहेगा।

T20 वर्ल्ड कप: खिताब की प्रबल दावेदार भारत की नजरें अमेरिका पर शानदार जीत के साथ आगाज पर

सितारों से सजी भारतीय टीम टी20 विश्व कप में शनिवार को आत्मविश्वास से ओतप्रोत अमेरिका के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी। तब खिताब बरकरार रखने वाली पहली टीम बनने का इरादा जेहन में और क्रिकेटप्रेमियों की अपेक्षाओं का बोझ कंधों पर रहेगा।

टी20 विश्व कप 2024 जीतने वाली भारतीय टीम के दो मजबूत स्तंभ विराट कोहली और रोहित शर्मा भले ही इस प्रारूप से विदा ले चुके हों लेकिन भारतीय टीम अभी भी सबसे दमदार दावेदार है। भारत ने उसके बाद से नौ श्रृंखलायें जीती हैं जिनमें पिछले साल एशिया कप में मिली जीत शामिल है।

पिछले पूरे साल खराब फॉर्म से जूझते रहे कप्तान सूर्यकुमार यादव का बल्ला भी अब खामोश नहीं है जिससे रही सही कसर भी पूरी हो गई। ईशान किशन ने विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर जबर्दस्त फॉर्म के साथ वापसी की है।

ईशान किशन और अभिषेक शर्मा की जोड़ी से भारतीय टीम को काफी उम्मीदें हैं चूंकि दोनों का प्रदर्शन अभी तक जबरदस्त रहा है।

भारत की तुलना 2007 वनडे विश्व कप की ऑस्ट्रेलियाई टीम से की जा रही है। हालांकि दोनों प्रारूप अलग है लेकिन सूर्यकुमार की टीम हर विभाग में परिपक्व और संतुलित दिख रही है। सूर्यकुमार का फॉर्म में लौटना, मध्यक्रम में तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या जैसा हरफनमौला, शिवम दुबे और अक्षर पटेल जैसे धुरंधरों की मौजूदगी बल्लेबाजी को मजबूत बनाती है।

रिंकू सिंह जैसा फिनिशर भी भारत के पास है। वहीं तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का कार्यभार प्रबंधन विश्व कप को देखते हुए बड़ी समझदारी के साथ किया गया है। उनके साथ अर्शदीप सिंह नयी गेंद संभालेंगे और हर्षित राणा भी टीम में मौजूद हैं।

कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती के रूप में भारत के पास इस प्रारूप में दुनिया के दो सर्वश्रेष्ठ स्पिनर हैं लेकिन असल चुनौती ओस की होगी। पहला टी20 विश्व कप 2007 में जीतने वाले पूर्व कप्तान एम एस धोनी ने इस ओर इशारा किया था।

भारतीय चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन ने हालात के अनुरूप काफी सोच समझकर टीम चुनी है जिसमें शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल जैसे दिग्गज नहीं हैं। संजू सैमसन को भी अंतिम एकादश में शायद ही जगह मिले।

सूर्यकुमार को अमेरिकी टीम में कई जाने माने चेहरे दिख जायेंगे। इसी मैदान पर कभी उन्होंने शुभम रंजने, हरमीत सिंह और सौरभ नेत्रवलकर के साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया था।

पिच और हालात की जानकारी का तीनों 'मुंबईकर' अमेरिेकी खिलाड़ियों को अतिरिक्त फायदा मिलेगा। अमेरिका ने पिछली बार अपनी सह मेजबानी में हुए टी20 विश्व कप में पूर्व चैम्पियन पाकिस्तान को हराकर सुपर आठ में जगह बनाई थी और भारत को भी कड़ी चुनौती दी थी।

अमेरिकी टीम ने पिछले साल नौ में से आठ मैच जीते हैं और टी20 विश्व कप से पहले श्रीलंका में तीन सप्ताह के शिविर में भाग लिया है।

कप्तान मोनांक पटेल ने बल्लेबाजी में कमाल किया है और उन्हें साइतेजा मुक्कमल्ला और मिलिंद कुमार से पूरा सहयोग मिला। गेंदबाजी में नेत्रवलकर, हरमीत और रंजने अहम होंगे।

दूसरे अभ्यास मैच में न्यूजीलैंड को कड़ी चुनौती देने वाली अमेरिकी टीम सिर्फ सात रन से हारी थी।

टीमें:

भारत:

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), ईशान किशन, संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा,वरूण चक्रवर्ती ।

अमेरिका:

मोनांक पटेल (कप्तान ), आंद्रिस गौस, साइतेजा एम, शायन जहांगीर, हरमीत सिंह, शेहान जयसूर्या, संजय कृष्णमूर्ति, मिलिंद कुमार, मोहम्मद मोहसिन, शुभम रंजने, शाडले वान शाकविक, अली खान, जसदीप सिंह, नोस्तुश केनिजे, सौरभ नेत्रवलकर।

मैच का समय: शाम सात बजे से।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय, असिस्टेंट एडिटर

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, लाइव स्कोर, क्रिकेट शेड्यूल, T20 वर्ल्ड कप 2026, T20 वर्ल्ड कप 2026 शेड्यूल और T20 वर्ल्ड कप 2026 प्वाइंट टेबल की पूरी जानकारी और खिलाड़ियों के आंकड़े हिंदी में पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।