
आज T20 वर्ल्ड कप में कौन जीता और कौन हारा? पाकिस्तान-न्यूजीलैंड ने मचाया धमाल
आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के चौथे दिन में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए दो अलग-अलग मुकाबलों में एसोसिएट टीमों को धूल चटाई।
टी20 विश्व कप के चौथे दिन कुल तीन मुकाबले खेले गए। नीदरलैंड ने नामीबिया को हराकर टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज की। वहीं न्यूजीलैंड और पाकिस्तान ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर टूर्नामेंट में अपनी पोजिशन मजबूत कर ली है। न्यूजीलैंड ने टी-20 विश्वकप के 11वें मुकाबले में संयुक्त अरब अमीरात को 28 गेंदे शेष रहते 10 विकेट से रौंदा। वहीं पाकिस्तान ने पिछले विश्व कप में मिली हार का बदला लेते हुए अमेरिका को 32 रनों से हरा दिया।
नीदरलैंड ने नामीबिया को दी मात
नीदरलैंड ने टी20 विश्व कप के ग्रुप ए के मैच में नामीबिया को सात विकेट से हराया। टॉस जीतकर नामीबिया को बल्लेबाजी के लिये भेजने वाली नीदरलैंड की टीम ने अपने गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के दम पर उसे आठ विकेट पर 156 रन पर रोक दिया। डि लीडे ने तीन ओवर में 20 रन देकर और लोगान वान बीक ने तीन ओवर में 13 रन देकर दो दो विकेट लिये । जवाब में डि लीडे ने 48 गेंद में नाबाद 72 रन की पारी के दम पर नीदरलैंड ने 18 ओवर में तीन विकेट पर 159 रन बनाये । डि लीडे ने अपनी पारी में पांच चौके और चार छक्के जड़े और कोलिन एकेरमैन (28 गेंद में 32 ) के साथ तीसरे विकेट के लिये 70 रन की साझेदारी भी की । उन्हें हरफनमौला प्रदर्शन के लिये प्लेयर आफ द मैच चुना गया । टी20 विश्व कप का अरूण जेटली स्टेडियम पर यह पहला मैच था लेकिन स्कूल की परीक्षा का समय और सप्ताह के बीच में होने से मैदान खाली ही पड़ा रहा । इसी मैदान पर 12 फरवरी को भारतीय टीम नामीबिया से खेलेगी।
न्यूजीलैंड ने यूएई को रौंदा
टिम सिफर्ट और फिन एलन के बीच पहले विकेट के लिए 92 गेंद में 175 रन की रिकॉर्ड साझेदारी ने न्यूजीलैंड ने आईसीसी टी20 विश्व कप मैच में 28 गेंद शेष रहते संयुक्त अरब अमीरात को 10 विकेट से शिकस्त देकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। यूएई को छह विकेट पर 173 रन पर रोकने के बाद न्यूजीलैंड ने महज 15.2 ओवर में बिना किसी नुकसान के 175 रन बनाकर एकतरफा जीत दर्ज की। न्यूजीलैंड की यह लगातार दूसरी जीत है। टीम ने इससे पहले अफगानिस्तान को हराया था। 'प्लेयर ऑफ द मैच' सिफर्ट ने 42 गेंद की नाबाद पारी में 12 चौके और तीन छक्के लगाये। एलन ने 50 गेंद की नाबाद पारी में पांच छक्के और इतने ही चौके लगाये। कप्तान मोहम्मद वसीम (नाबाद 66) और अलीशाह शराफू (55) की अर्धशतकीय पारियों और दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 107 रन की साझेदारी से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने छह विकेट पर 173 रन बनाये।
पाकिस्तान ने अमेरिका को हराया
पाकिस्तान ने साहिबजादा फरहान (73 रन) के अर्धशतक से मंगलवार को आईसीसी टी20 विश्व कप ग्रुप ए मैच में अमेरिका पर 32 रन से जीत दर्ज की। पाकिस्तान ने बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद नौ विकेट पर 190 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में अमेरिका की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 158 रन ही बना सकी। पाकिस्तान ने इसके साथ ही पिछले टी20 विश्व कप में अमेरिका से मिली हार का बदला भी चुकता कर लिया है, क्योंकि इस हार के साथ अमेरिका का सफर लगभग खत्म हो गया है।

लेखक के बारे में
Himanshu Singhहिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)
हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।
परिचय और अनुभव
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।
खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी





