T20 WC: भारत से द्विपक्षीय सीरीज, हैंडशेक पर गारंटी...पाकिस्तान ने ICC के सामने मांगों का पिटारा खोल दिया है
पाकिस्तान एक तीर से दो निशाने साधने की फिराक में है। बांग्लादेश कार्ड खेलकर उसने कभी पूर्वी पाकिस्तान के नाम से जाने जाने वाले देश में अपनी जड़ें मजबूत करना चाहता है। दूसरी तरफ वह इस मौके को अपने अधूरे अजेंडे को पूरा करने के लिए भुनाने की फिराक में है।

टी20 विश्व कप में 15 फरवरी को होने वाले भारत बनाम पाकिस्तान मैच को लेकर गतिरोध जारी है। पाकिस्तान ने मैच के बहिष्कार का ऐलान किया है। गतिरोध दूर करने के लिए आईसीसी के डेलिगेशन ने लाहौर में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के साथ बातचीत की है। इस बीच पाकिस्तान का असल अजेंडा भी सामने आ गया है। शुरुआती रिपोर्ट्स में ये बात सामने आई थी कि पीसीबी ने भारत के खिलाफ मैच खेलने के लिए तीन मांगें सामने रखी है लेकिन अब सामने आया है कि उसने मांगों का एक पिटारा ही खोल दिया है।
पाकिस्तान एक तीर से दो निशाने साधने की फिराक में है। बांग्लादेश कार्ड खेलकर उसने कभी पूर्वी पाकिस्तान के नाम से जाने जाने वाले देश में अपनी जड़ें मजबूत करना चाहता है। दूसरी तरफ वह इस मौके को अपने अधूरे अजेंडे को पूरा करने के लिए भुनाने की फिराक में है। कम से कम उसकी बेतुकी मांगें तो यही इशारा कर रहीं।
पहले रिपोर्ट आई कि पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप के मैच खेलने को लेकर तीन मांगें रखी है- बांग्लादेश के लिए बढ़ा हुआ मुआवजा, टी20 वर्ल्ड कप से पत्ता कटने के बावजूद बांग्लादेश को पार्टिसिपेशन फी और भविष्य के आईसीसी टूर्नामेंट्स के लिए पाकिस्तान को मेजबानी का अधिकार। लेकिन टेलिकॉम एशिया की एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक पीसीबी की मांगों की फेहरिस्त लंबी है।
रिपोर्ट के मुताबिक पीसीबी ने मीटिंग के दौरान आईसीसी के सामने ये भी मांग रखी है कि भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय सीरीज की बहाली हो, पाकिस्तान का रेवेन्यू शेयर बढ़े और यह सुनिश्चित किया जाए कि नो-हैंडशेक जैसा विवाद फिर कभी न हो। पाकिस्तान को बखूबी पता है कि उसकी मांगें बेतुकी, अतार्किक और अव्यवहारिक हैं। कम से कम भारत के साथ द्विपक्षीय सीरीज को लेकर तो अतार्किक है ही।
पाकिस्तान की आतंकी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका को देखते हुए भारत सरकार का ये नीतिगत फैसला है कि उसके साथ द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज तब तक नहीं खेली जाएगी जब तक कि वह सीमापार आतंकवाद पर लगाम नहीं लगाता। हां, बहुपक्षीय या आईसीसी टूर्नामेंट में भारतीय टीम पाकिस्तान के साथ खेलेगी लेकिन न्यूट्रल वेन्यू पर। पाकिस्तान पहले ही आईसीसी के साथ इस बात पर सहमत हो चुका है कि मल्टिलेटरल या आईसीसी इवेंट्स में वह भारत के साथ मैच खेलेगा लेकिन न्यूट्रल वेन्यू पर। ऐसे में भारत के साथ द्विपक्षीय सीरीज की बहाली के लिए आईसीसी पर उसका दबाव येन केन प्रकारेण अपने रेवेन्यू शेयर को बढ़वाने का पैंतरा ज्यादा लगता है।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ऐलान किया था कि उनका देश टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगा। कोई बात अगर प्रधानमंत्री के स्तर पर कही जा रही है तो आम तौर पर उसे 'नॉन निगोशिएबल' समझा जाता है लेकिन पाकिस्तान सौदेबाजी में जुटा हुआ है। पीसीबी मैच खेलने के लिए आईसीसी के सामने शर्त पर शर्त रख रहा है।
पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी सोमवार को शहबाज शरीफ से मुलाकात भी करने वाले हैं। जाहिर है पाकिस्तान बांग्लादेश मुद्दे के बहाने अपने हित साधने के लिए एक तरह की 'ब्लैकमेलिंग' का सहारा ले रहा है। उसके उकसावे पर ही बीसीबी ने खुद के पैरों में कुल्हाड़ी मारते हुए वर्ल्ड कप से अपना पत्ता कटवा लिया। ये देखना दिलचस्प होगा कि पाकिस्तान बायकॉट का ये ड्रॉमा कब तक चलता है। पिछले साल एशिया कप में हैंडशेक विवाद के बाद भी उसने बायकॉट का ड्रॉमा चला था। तब भी आईसीसी के सामने शर्त रखी थी जिसे सिरे से ठुकरा दिया गया और उसके बाद भी पाकिस्तान को एशिया कप खेलना पड़ा।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय, असिस्टेंट एडिटर
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ें



