
T20 World Cup 2026 के वार्मअप मैचों का शुभारंभ, पहले दिन किस-किसने मारी बाजी; देखें मैच रिपोर्ट
T20 World Cup 2026 के वार्मअप मैच सोमवार 2 फरवरी से शुरू हो चुके हैं। पहले दिन कुल 3 मुकाबले खेले गए। इनमें से एक मैच में एक भारतीय टीम भी शामिल थी। इंडिया ए ने यूएसए का सामना किया और मुकाबला 38 रनों से जीता।
एक तरह से देखा जाए तो टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत सोमवार 2 फरवरी से हो चुकी है, क्योंकि टूर्नामेंट के आधिकारिक वार्मअप मैच शुरू हो चुके हैं। पहले दिन कुल 3 मुकाबले देखने को मिले। एक मैच में भारत की भी एक टीम खेल रही थी। 3 अलग-अलग शहरों में 3 मैच खेले गए हैं। इनमें से पांच टीमें ऐसी थीं, जो टूर्नामेंट खेलने वाली हैं, जबकि एक टीम इंडिया ए थी, जिसमें सिर्फ एक ही भारतीय खिलाड़ी शामिल था, जो टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम में खेलने वाला है। आप जान लीजिए कि पहले दिन के मैचों का नतीजा क्या रहा?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के वार्मअप मैचों के पहले दिन पहला मुकाबला अफगानिस्तान और स्कॉटलैंड के बीच बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेला गया। इस मैच में अफगानिस्तान ने 61 रनों से बड़ी जीत दर्ज की। बांग्लादेश की जगह टूर्नामेंट खेलने आई स्कॉटलैंड की शुरुआत खराब रही। 20 ओवर में 6 विकेट खोकर अफगानिस्तान ने 184 रन बनाए थे, जिसमें दरविश रसूली ने 46 गेंदों में 84 रनों की पारी खेली। 36 रन इब्राहिम जादरान और 34 रन मोहम्मद नबी ने बनाए। वहीं, स्कॉटलैंड की टीम 123 रन पर ढेर हो गई। 3 विकेट अजमतुल्लाह उमरजई ने निकाले और 2-2 विकेट जियाउर रहमान शरीफी और मोहम्मद नबी को मिले।
वहीं, दूसरा मुकाबला इंडिया ए और यूएसए के बीच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला गया, जो हाई स्कोरिंग मुकाबला था। 3 विकेट खोकर भारत ने 238 रन बनाए। हैरानी की बात ये रही कि यूएसए की टीम भी 200 रनों तक पहुंचने में सफल हुई। इंडिया ने इस मैच को 38 रनों से जीता, जिसमें एन जगदीशन ने 55 गेंदों में 104 रनों की पारी खेली। 26 गेंदों में 60 रन कप्तान आयुष बडोनी ने बनाए। 38 रन तिलक वर्मा के बल्ले से आए, जो इंडिया टीम का भी हिस्सा हैं। यूएसए के लिए कई बल्लेबाजों को शुरुआत मिली, लेकिन कोई अर्धशतक तक नहीं जड़ सका। 3 विकेट रवि बिश्नोई को मिले।
दिन के तीसरे मैच में इटली और कनाडा आमने-सामने थे। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में ये मुकाबला खेला गया, जिसमें इटली की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट खोकर 156 रन बनाए, जबकि कनाडा की टीम 146 रन ही 20 ओवर में 6 विकेट खोकर बना सकी और मुकाबला 10 रनों के अंतर से हार गई। 37 रनों की पारी जेजे स्मट्स ने खेली, जबकि 33 रन इटली के लिए हैरी मनेटी ने बनाए। कनाडा के लिए कप्तान दिलप्रीत बाजवा ने 37 और युवराज सामरा और निकोलस किर्टोन ने 33-3 रन बनाए।






