मैं ही जानता हूं कि कितने दबाव में था...कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया क्यों हिम्मत नहीं हारी?

Feb 08, 2026 12:13 am ISTMd.Akram लाइव हिन्दुस्तान
share

भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अमेरिका के खिलाफ दबाव में शानदार बल्लेबाजी की। वह अपने घरेलू मैदान पर प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। उन्होंने नाबाद 84 रनों की पारी खेली।

मैं ही जानता हूं कि कितने दबाव में था...कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया क्यों हिम्मत नहीं हारी?

सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अमेरिका को 29 रनों से धूल चटाई। भारत ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 161/9 का स्कोर बनाने के बाद अमेरिका को 132/8 पर रोक दिया। सूर्यकुमार को छोड़कर भारत का बैटिंग लाइनअप फ्लॉप रहा और एक समय टीम बहुत कम स्कोर पर सिमटने की ओर बढ़ती दिख रही थी। सूर्या ने उस वक्त मोर्चा संभाला, जब भारत 77 रन पर छह विकेट गंवाकर जूझ रहा था। उन्होंने अपने घरेलू मैदान पर 49 गेंदों में नाबाद 84 रनों की पारी खेली, जिसमें 10 चौके और चार छक्के शामिल हैं। उन्हें शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड से नवाजा गया। सूर्या ने बताया कि उन्होंने संकट के समय हिम्मत क्यों नहीं हारी?

'मैं ही जानता हूं कि कितने दबाव में था'

सूर्यकुमार ने मैच के बाद कहा, ''77 रन पर 6 विकेट गिरने के चलते मैं कितने दबाव में था, यह सिर्फ मैं ही जानता हूं। हालांकि, मुझे खुद पर यकीन था। मैं ऐसे हालात में बैटिंग कर चुका हूं। मैंने यहां पर, क्रॉस मैदान, आजाद मैदान पर काफी क्रिकेट खेला है तो मुझे पता था कि किस तरह बैटिंग करनी है। मैं जानता था कि अगर मैं आखिर तक बैटिंग करता हूं तो हम बेहतर स्थिति में पहुंच सकते हैं।'' उन्होंने पिच को लेकर कहा, ''क्यूरेटर और ग्राउंडस्टाफ ने अच्छी पिच तैयार करने की पूरी कोशिश की लेकिन कुछ चीजें उनके कंट्रोल में नहीं हैं।'' अमेरिका ने टॉस जीतकर भारत को बैटिंग का न्योता दिया था। सूर्यकुमार के अलावा मेजबान टीम के केवल तीन बल्लेबाज ही दोहरे अंक तक पहुंच सके थे।

'मैच जीतने के बावजूद हमें सीख मिली'

भारतीय कप्तान ने आगे कहा, ''मुझे लगता है कि जीतने के बावजूद कई चीजें सीखने को मिली। आज हमें सीख मिली की थोड़ी बेहतर बैटिंग कर सकते थे या शायद थोड़ी स्मार्ट बैटिंग कर सकते थे। एक या दो बल्लेबाज आखिर तक खेलने की कोशिश करें, इसके बजाए छोटी-छोटी पार्टनरशिप हमें 160 तक पहुंचा सकती थीं। हम आराम से बैठकर चर्चा करेंगे। अगले मैच में पांच दिन है और हम मजबूत वापसी करेंगे।'' भारतीय पारी के दौरान 30 प्लस की सिर्फ दो पार्टनरशिप हुईं। ईशान किशन (20) और तिलक वर्मा (25) ने दूसरे विकेट के लिए 37 रन जोड़े। सूर्या ने अक्षर पटेल (14) संग सातवें विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी की। भारत को अगला मैच 12 फरवरी को दिल्ली में नामीबिया के विरुद्ध खेलना है।

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।


अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।


विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule और Live Cricket Score देखें और Live Hindustan App डाउनलोड करके सभी अपडेट सबसे पहले पाएं।