5 करोड़ से अधिक के नुकसान के साथ टी.नटराजन SRH में लौटे, जीशान अंसारी को DC ने किया शामिल
आईपीएल 2027 को लेकर सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के बीच एक ट्रेड डील हुई है, जिसके तहत टी नटराजन सनराइजर्स हैदराबाद में वापसी करेंगे, जबकि युवा लेग स्पिनर जीशान अंसारी दिल्ली कैपिटल्स में शामिल होंगे। नटराजन को 5.75 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

बुधवार (14 अक्टूबर) को आईपीएल 2027 को लेकर सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के बीच एक ट्रेड डील हुई है, जिसके तहत टी नटराजन सनराइजर्स हैदरााबद में वापसी करेंगे, जबकि युवा लेग स्पिनर जीशान अंसारी दिल्ली कैपिटल्स में शामिल होंगे। टी-नटराजन को दिल्ली कैपिटल्स ने 2025 के मेगा ऑक्शन में 10.75 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन अब वे 5 करोड़ से अधिके के नुकसान के साथ सनराइजर्स हैदराबाद में केवल पांच करोड़ की कीमत पर वापस जा रहे हैं। जीसान अंसारी को कोई घाटा या फायदा नहीं हुआ है, वे अपनी मौजूदा 40 लाख की कीमत पर दिल्ली कैपिटल्स में शामिल होंगे।
आईपीएल ने अपनी प्रेस रिलीज में बताया कि "दोनों फ्रेंचाइजी के बीच खिलाड़ियों के लेन-देन के बाद सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) टी. नटराजन का स्वागत करेगी, जबकि दिल्ली कैपिटल्स (DC) अपनी टीम में लेग-स्पिनर ज़ीशान अंसारी को शामिल करेगी।" आगे लिखा गया "नटराजन ने 2020 से 2024 तक पांच सीजन के लिए सनराइजर्स हैदराबाद का प्रतिनिधित्व किया। वे उस फ्रेंचाइजी में वापसी कर रहे है जहां उन्होंने खुद को IPL के सबसे असरदार भारतीय बाएं हाथ के सीम बॉलर के तौर पर स्थापित किया था।" आईपीएल ने आगे बताया “2024 में उनका IPL सीजन सबसे सफल रहा, जिसमें उन्होंने 19 विकेट लिए। यह उस सीजन में किसी भी SRH बॉलर द्वारा लिए गए सबसे ज्यादा विकेट थे। उन्होंने टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी।”
नटराजन को हुआ बड़ा घाटा, 5 करोड़ से अधिक रुपये का नुकसान
आईपीएल ने आगे अहम जानकारी साझा करते हुए बताया "TATA IPL 2025 प्लेयर ऑक्शन में DC द्वारा 10.75 करोड़ रुपये में खरीदे गए नटराजन अब 5 करोड़ रुपये की संशोधित फ़ीस पर SRH में शामिल होंगे।" आईपीएल ने आगे लिखा- "IPL 2025 में SRH के लिए 10 मैच खेलने के बाद अंसारी DC में शामिल हो रहे हैं। इस लेग-स्पिनर ने DC के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में तीन विकेट लेकर अपने IPL करियर की शानदार शुरुआत की थी। 26 वर्षीय खिलाड़ी ने 10 IPL मैचों में छह विकेट लिए हैं और वह DC के स्पिन-बॉलिंग विभाग को मजबूती देंगे। अंसारी अपनी मौजूदा 40 लाख रुपये की फीस पर DC में शामिल होंगे।"
बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स ने इससे पहले कुलदीप यादव को रिलीज कर दिया था। ऐसे में एक स्पिनर की उनको दरकार थी और उन्होंने कम कीमत पर जीशान अंसारी को अपनी टीम में शामिल किया है। कुलदीप यादव को दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ ट्रेड डील करके भेजा था। कुलदीप की जगह फ्रेंचाइजी ने ऋषभ पंत को वापस अपनी टीम में बुलाया है। आईपीएल 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन करने वाली दिल्ली कैपिटल्स 2027 में इन बदलावों के साथ कैसा प्रदर्शन करती है, देखना दिलचस्प होगा।


