ODI में न्यूजीलैंड के खिलाफ सूर्यांश शेडगे का हो सकता है सिलेक्शन, BCCI सूत्र ने बताया क्यों है प्रबल संभावना
नवंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में सूर्यांश शेडगे का चयन हो सकता है। BCCI सूत्र ने बताया है कि शानदार प्रदर्शन और नीतीश कुमार रेड्डी के टेस्ट खेलने के कारण उन्हें वनडे टीम में जगह दी जा सकती है।

मुंबई के तेज गेंदबाजी हरफनमौला सूर्यांश शेडगे को न्यूजीलैंड दौरे के लिये भारत की वनडे टीम में चुना जा सकता है जिन्होंने हाल ही में आस्ट्रेलिया ए के खिलाफ लिस्ट ए टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
23 वर्ष के शेडगे ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन टी20 मैच खेले थे और हाल ही में हैमस्ट्रिंग चोट से उबरने के बाद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में लौटे हैं। उन्होंने पुडुचेरी में आस्ट्रेलिया ए के खिलाफ अनौपचारिक वनडे श्रृंखला में बल्ले और गेंद से प्रभावित किया। बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया, ‘’वनडे टीम में शेडगे के चुने जाने की प्रबल संभावना है क्योंकि टेस्ट श्रृंखला में चौथे तेज गेंदबाज और निचले क्रम के बल्लेबाज के तौर पर नीतिश कुमार रेड्डी की अहम भूमिका होगी। रेड्डी सारे वनडे नहीं खेलेंगे क्योंकि उन्हें टेस्ट श्रृंखला की तैयारी करनी है।'' वेस्टइंडीज के खिलाफ मैचों की श्रृंखला के बाद पांच टी20 खेले जायेंगे जो 22 अक्टूबर से शुरू होंगे। वनडे श्रृंखला चार नवंबर को आकलैंड में शुरू होगी।
पांच मैचों की लंबी सीरीज
बता दें कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी। भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल पहले ही कह चुके हैं कि यह सीरीज 2027 वर्ल्ड कप के लिहाज से बेहद अहम होगी। भारतीय टीम अपने सभी कॉम्बिनेशन को देखना पसंद करेगी। खासकर तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर को क्योंकि शिवम दुबे वनडे में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं और हार्दिक पांड्या लगातार चोटिल रह रहे हैं। नीतीश कुमार रेड्डी के अलावा ऐसे में सूर्यांश शेडगे को भी देखा जा सकता है। सूर्यांश शेडगे ने भारत के लिए अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू कर लिया है।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला वनडे मैच चार नवंबर को खेला जाएगा, जबकि दूसरा मैच 7 नवंबर को होगा। 10 नवंबर को तीसरा वनडे मैच खेला जाएगा। 13 नवंबर को चौथा वनडे मैच होगा और 15 नवंबर को आखिरी मैच खेला जाएगा। इस वनडे सीरीज के लिए जल्द ही भारतीय टीम का ऐलान हो सकता है। टी-20 और भारत ए की टीम का पहले ही ऐलान कर दिया गया है। वनडे और टेस्ट सीरीज के लिए ऐलान होना बाकी है। भारत 22 अक्टूबर से न्यूजीलैंड के दौरे पर होगा, जहां पांच टी-20 मैचों की सीरीज के बाद 3 अनौपचारिक बहुदिवसीय मैच खेले जाएंगे। पांच मैचों की वनडे सीरीज होगी। इसके बाद दो मैचों की टेस्ट सीरीज होगी। विराट कोहली और रोहित शर्मा भी वनडे सीरीज में खेलते हुए दिखाई देंगे।


