सूर्या ने बताई AUS टी20 सीरीज की सबसे बड़ी चुनौती, बुमराह से लगाए बैठे आस; इस चीज की नहीं गारंटी

सूर्या ने बताई AUS टी20 सीरीज की सबसे बड़ी चुनौती, बुमराह से लगाए बैठे आस; इस चीज की नहीं गारंटी

संक्षेप:

इंडिया वर्सेस ऑस्ट्रेलिया टी20 सीरीज बुधवार से शुरू होगी। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने आगामी सीरीज की सबसे बड़ी चुनौती बताई है। सूर्या धाकड़ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह से काफी आस लगाए बैठे हैं।

Oct 28, 2025 03:24 pm ISTMd.Akram कैनबरा, भाषा
share

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मंगलवार को कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बुधवार से कैनबरा में शुरू हो रही पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में पावरप्ले के ओवर काफी महत्वपूर्ण होंगे और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की मौजूदगी से मैच के इस समय में उनकी टीम की संभावनाएं बढ़ जाएंगी। सूर्यकुमार ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया की आक्रामक खेल शैली के सामने बुमराह का होना हमेशा से उनकी टीम के लिए फायदेमंद रहा है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

बुमराह बखूबी जानते हैं ये बात

सूर्यकुमार ने सीरीज से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘‘पावरप्ले में गेंदबाजी करना हमेशा चुनौती होती है। हमने देखा है कि वे (ऑस्ट्रेलिया) वनडे सीरीज और टी20 विश्व कप में किस तरह से खेले। पावरप्ले हमेशा महत्वपूर्ण होता है।’’ उन्होंने कहा,‘‘आपने एशिया कप में देखा होगा कि उन्होंने (बुमराह ने) पावरप्ले में कम से कम दो ओवर गेंदबाजी करने की जिम्मेदारी ली थी, इसलिए हमारे लिए यह अच्छी बात है कि वह जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ निश्चित रूप से पावर प्ले में गेंदबाजी करना अच्छी चुनौती होगी।’’ बुमराह ऑस्ट्रेलिया में खेलने के मामले में भारतीय टी20 टीम में सबसे अनुभवी खिलाड़ी हैं और सूर्यकुमार ने कहा कि उनका मुख्य तेज गेंदबाज जानता है कि इस तरह की सीरीज के लिए किस तरह से तैयारी करनी होती है। उन्होंने कहा, ‘‘जिस तरह से उन्होंने (बुमराह ने) पिछले कई वर्षों से क्रिकेट खेला है, उन्होंने खुद को शीर्ष पर बनाए रखा है और वह जानते हैं कि एक अच्छी सीरीज के लिए कैसे तैयारी करनी है, वह जानते हैं कि यहां कैसे क्रिकेट खेलना है।’’

read moreये भी पढ़ें:
ऐसा करना आसान होता, लेकिन…सूर्या की खराब फॉर्म पर गंभीर ने तोड़ी चुप्पी

नीतीश रेड्डी हो सकते हैं उपलब्ध

सूर्यकुमार ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि उन्होंने सभी खिलाड़ियों में से इस देश का सबसे ज्यादा बार दौरा किया है, इसलिए सभी खिलाड़ियों ने उनसे बात की है। वह काफी मददगार हैं। उनका हमारी टीम में होना हमारे लिए अच्छी बात है।’’ सूर्यकुमार ने यह भी संकेत दिया कि चोटिल होने के कारण तीसरे और अंतिम वनडे से बाहर हुए ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी टी20 सीरीज के लिए उपलब्ध हो सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि वह ठीक है। कल उसने थोड़ी दौड़ लगाई और नेट्स पर बल्लेबाजी भी की। आज वह ब्रेक लेना चाहता था क्योंकि यह वैकल्पिक अभ्यास था।’’ भारतीय कप्तान कहा कि टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज को अगले साल होने वाले विश्व कप की तैयारी के रूप में देखती है।

read moreये भी पढ़ें:
AUS में सबसे ज्यादा टी20 रन बनाने वाले 5 भारतीय, सूर्या के पास गोल्डन चांस

'इसकी कोई गारंटी नहीं है कि...'

उन्होंने कहा, ‘‘टीम संयोजन में ज्यादा बदलाव नहीं है, क्योंकि पिछली बार जब हम दक्षिण अफ्रीका गए थे, तो हम एक तेज़ गेंदबाज़, एक ऑलराउंडर और तीन स्पिनरों के साथ खेले थे। यहां की परिस्थितियां भी वैसी ही हैं। यह विश्व कप की तैयारी है लेकिन इसके साथ ही यह काफी चुनौतीपूर्ण है। उम्मीद है कि हमारे लिए यह सीरीज अच्छी साबित होगी।’’ भारतीय कप्तान ने कहा कि खिलाड़ी फील्डिंग पर भी कड़ी मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यह खेल का हिस्सा है लेकिन महत्वपूर्ण यह है कि आप इसके लिए क्या करते हैं। हम इस पर कड़ी मेहनत कर रहे हैं। लेकिन इसकी कोई गारंटी नहीं है कि अगर आप आज 25 कैच लेते हैं, तो कल वह दोबारा नहीं छूटेगा। अगर कैच छूट जाता है तो जाहिर है निराशा होती है, लेकिन अगर आप इसके लिए अच्छे प्रयास करते हैं तो फिर कोई समस्या नहीं है।’’ सूर्यकुमार ने इसके साथ ही कहा कि कई विकल्प होने के कारण अंतिम एकादश का चयन करना आसान नहीं है।

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram
मोहम्मद अकरम, लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। अकरम को पत्रकारिता में 8 साल से ज्यादा का अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं। अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |