
T20I में सूर्यकुमार के बल्ले पर लगी जंग, लगातार मैचों में हुए हैं फ्लॉप
भारतीय टीम के विस्फोटक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव पिछली कुछ पारियों से रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। अफ्रीका के खिलाफ पहले मैच में भारतीय कप्तान 11 गेंद में 12 रन ही बना सके।
भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले ही मैच में फ्लॉप रहे हैं। भारत के विस्फोटक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव पिछले कई टी20 मैचों से उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके हैं और लगातार गेंदबाजों के खिलाफ रन बनाने के लिए संघर्ष करते हुए दिखे हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कटक में पहले टी20 मैच में भी सूर्यकुमार यादव ज्यादा देर तक क्रीज पर टिक नहीं सके और सस्ते में पवेलियन लौट गए। सूर्यकुमार ने पिछले बांग्लादेश के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेली। इसके बाद से वह लगातार पारियों में सिंगल डिजिट में पवेलियन लौटे हैं।
भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 11 गेंद में 12 रन की पारी खेली। उन्होंने एक चौका और एक छक्का लगाया। भारतीय बल्लेबाज ने पारी के तीसरे ओवर में लुंगी एनगिडी के ओवर में दूसरी गेंद पर चौका और फिर तीसरी गेंद पर छक्का लगाया। लेकिन चौथी गेंद पर मिड ऑन पर एडन मार्करम ने कोई गलती नहीं की और उनका आसान कैच लपका।
सूर्यकुमार यादव पिछली 18 टी20 इंटरनेशनल पारियों में में सिर्फ दो बार ही 25 से अधिक का स्कोर बना सके हैं। सूर्यकुमार ने टी20 करियर की अच्छी शुरुआत की थी। वह अब तक चार T20I शतक लगा चुके हैं, जो रोहित शर्मा (5) के बाद किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा सबसे अधिक है। वह अक्टूबर 2022 से जून 2024 तक ICC T20I बल्लेबाजों की रैंकिंग में नंबर 1 पर रहे हैं और उन्हें 2022 और 2023 में लगातार दो बार ICC T20I क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना गया था। लेकिन कप्तान का हालिया फॉर्म टीम के लिए चिंता का विषय है।
भारतीय टीम में हरफनमौला हार्दिक पंड्या चोट से उबर कर एकादश में वापसी कर रहे है जबकि शुभमन गिल भी टेस्ट श्रृंखला में चोटिल होने के बाद इस मैच से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करेंगे। विकेटकीपिंग का दारोमदार जितेश शर्मा पर होगा। दक्षिण अफ्रीका की टीम में अनुभवी बल्लेबाज डेविड मिलर और तेज गेंदबाज एनरिक नोर्किया ने चोट से उबर कर वापसी की है।






