धोनी और रोहित को आइकॉनिक फोटो के लिए कैसे मनाया? सूर्यकुमार यादव ने महीनों बाद बताई पूरी स्टोरी
सूर्यकुमार यादव ने इस आइकॉनिक फोटो के पीछे की स्टोरी बताई है, जिसमें भारत को टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले तीनों कप्तान हैं। एमएस धोनी और रोहित शर्मा पहले ही देश को टी20 विश्व कप जिता चुके हैं।

सूर्यकुमार यादव ने रोहित शर्मा के साथ खूब क्रिकेट खेली है, लेकिन एमएस धोनी के साथ वे कभी नहीं खेल पाए। इंटरनेशनल क्रिकेट में यह संभव नहीं हुआ था और आईपीएल में भी यह मुमकिन नहीं था। हालांकि, फिर भी एक तस्वीर सूर्यकुमार यादव ने इस साल आईपीएल के दौरान क्लिक कराई, जो आइकॉनिक फोटो है। इसमें तीन ऐसे धुरंधर शामिल हैं, जिन्होंने टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप जिताया है। एकमात्र तस्वीर है, जिसमें सिर्फ और सिर्फ एमएस धोनी, रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव हैं। इसके पीछे की स्टोरी भी सूर्या ने बताई है।
दरअसल, सूर्यकुमार यादव ने पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा को एक इंटरव्यू दिया है, जिसका प्रोमो सामने आया है। इस प्रोमो में सूर्या ने इस आइकॉनिक तस्वीर के बारे में बात करते हुए बताया, "ये मेरा फेवरिट फोटो है। हम चेन्नई में थे। प्रैक्टिस कर रहे थे। मैं सोचा कि माही भाई (एमएस धोनी) नहीं आए क्या आज, फिर देखा ड्रेसिंग रूम से वो आ रहे हैं बैट लेकर। उधर, रोहित भाई प्रैक्टिस के बाद खाना खा रहे थे। मैंने उनसे फोटो के लिए रिक्वेस्ट की तो रोहित भाई बोले- क्या रे...ऐसे करके बोला उन्होंने।"
माही भाई एक फोटो लेना है प्लीज…
सूर्या ने आगे बताया, "मैंने कहा रोहित भाई, प्लीज मेरे लिए कर दो। 15-20 साल से खेल रहे थे टी20 वर्ल्ड कप नहीं जीते थे। अब दूसरा ये था कि माही भाई से हमें बात करनी थी। मैं उनसे जाकर कैसे बोलूं, ये सोच रहा था। ड्रेसिंग रूम में जाकर देखा तो वो आईस बाथ के लिए रेडी हो रहे थे। प्रैक्टिस के बाद आईस बाथ के लिए जा रहे थे वो। मैंने बोला माही भाई एक मिनट। अंदर गया मैं ड्रेसिंग रूम के वे कोने में बैठे थे। उन्होंने पूछा था कि बोल क्या करना है? मैंने कहा कि एक रिक्वेस्ट है। एक फोटो लेनी है। आपके साथ और रोहित भाई के साथ। आप राइट में और रोहित भाई लेफ्ट में और मैं बीच में। एक फोटो लेना है, प्लीज।"
इसके बाद एमएस धोनी का जवाब आता है, "फोटो तुम लेगा तो तुम इंस्टाग्राम पर भी डालेगा। हम बाल बनाकर आते हैं। ये उनका एग्जेक्ट लाइन था।" इसके बाद चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में वह तस्वीर ली गई, जिसके कैप्शन में सूर्या ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा था, "ग्रुप डीपी मिल गया। बस ग्रुप का नाम सजेस्ट करो।" इस पर भरभरकर कमेंट्स आए। बीसीसीआई ने भी लिख दिया कि इसे द कप-तान्स नाम देख सकते हैं।



