सूर्यकुमार यादव की T20I कप्तानी रहेगी या जाएगी? कोच गौतम गंभीर के इनपुट से होगा तय!

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

सूर्यकुमार यादव की टी20 इंटरनेशनल में कप्तानी बनी रहेगी या छिनेगी, ये बहुत हद तक टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर के इनपुट पर निर्भर करेगा। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक 19 मई को गुवाहाटी में बीसीसीआई चयनकर्ताओं की मीटिंग में सूर्या की कप्तानी के भविष्य पर अनौपचारिक चर्चा होगी।

सूर्यकुमार यादव की T20I कप्तानी रहेगी या जाएगी? कोच गौतम गंभीर के इनपुट से होगा तय!

सूर्यकुमार यादव के बाद भारतीय टी20 टीम का कप्तान कौन? BCCI अब उनके उत्तराधिकारी को लेकर जल्द फैसला कर सकता है। 35 साल के सूर्या की अगुआई में भारतीय टीम ने इस साल टी20 वर्ल्ड कप जीता था। बीसीसीआई की मंगलवार यानी 19 मई को गुवाहाटी में अहम बैठक है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, बैठक में कप्तान सूर्यकुमार यादव के भविष्य को लेकर भी विचार किया जाएगा। उन्हें टी20 का कप्तान बनाए रखना है या नहीं? अगर बनाए रखना है तो कब तक? उनका उत्तराधिकारी कौन होगा? ऐसे तमाम सवालों को तय करने में टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर की राय महत्वपूर्ण होगी।

मंगलवार को होने वाली बैठक में अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौते टेस्ट और उसके बाद होने वाली वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम चुनी जाएगी। अफगानिस्तान के साथ टी20 मैच तो है नहीं, लेकिन पीटीआई के मुताबिक मीटिंग में सिलेक्शन कमिटी और बीसीसीआई सेक्रटरी देवजीत सैकिया टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव के भविष्य को लेकर अनौपचारिक चर्चा करेंगे।

माना जा रहा है कि सूर्यकुमार यादव के राष्ट्रीय टीम के कप्तान के तौर पर भविष्य को तय करने में मुख्य कोच गौतम गंभीर के इनपुट की बड़ी भूमिका होगी।

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक अगर सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटाया जाता है तो उनके लिए बतौर बल्लेबाज टीम में जगह बनाए रखना भी मुश्किल हो जाएगा। सबसे सुरक्षित विकल्प ये हो सकता है कि उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में कप्तानी की मौका दिया जाए और उन सीरीज में उनके बैटिंग परफॉर्मेंस के अधार पर उनके भविष्य का फैसला किया जाए। हालांकि इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि चयनकर्ता ये रास्ता अपनाएंगे ही।

सूर्यकुमार यादव के लिए 2025 बहुत खराब रहा था। पूरे साल वह बल्लेबाजी में संघर्ष करते दिखे थे लेकिन 2026 में उन्होंने विश्व कप के दौरान सही समय पर फॉर्म में वापसी की थी। उनकी अगुआई में भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप खिताब की रक्षा करने में कामयाब रही। हालांकि आईपीएल 2026 में वह अपनी ख्याति के अनुरूप प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं।

सूर्यकुमार यादव ने 2025 में 21 मैचों में सिर्फ 218 रन बनाए थे और पूरे साल एक अदद अर्धशतक तक के लिए तरस गए थे। उनका औसत सिर्फ 13.62 का था और स्ट्राइक रेट 123.16 का। हालांकि, 2026 में उन्होंने फॉर्म में वापसी की। इस साल सूर्या ने अब तक 14 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं जिनमें 4 अर्धशतकों के साथ 484 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 44 का रहा और स्ट्राइक रेट 161.33 रहा।

सूर्यकुमार यादव का टी20 इंटरनेशनल में कप्तानी का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उनकी अगुआई में भारतीय टीम ने अब तक 52 मैच खेले हैं, जिनमें 40 में उसे जीत मिली है और 8 में हार का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा 2 मैच टाई रहे हैं जिनमें सुपर ओवर में भारतीय टीम ने जीत हासिल की है। सूर्या की कप्तानी में इंडियन क्रिकेट टीम ने 80 प्रतिशत से ज्यादा मैच जीते हैं।

(पीटीआई से इनपुट के साथ)

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap in IPL 2026 और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule आज के बड़े मुकाबले PBKS vs MI Live Score और पल-पल के Live Cricket Score अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी क्रिकेट अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।