
श्रेयस अय्यर के लिए छलकी सूर्यकुमार यादव की मां की ममता, छठी मैया से की प्रार्थना; वीडियो हुआ वायरल
श्रेयस अय्यर सिडनी के अस्पताल में भर्ती हैं। वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में चोटिल हुए थे। श्रेयस के लिए सूर्यकुमार यादव की मां ने प्रार्थना की है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा।
श्रेयस अय्यर चोटिल होने के कारण फिलहाल सिडनी के अस्पताल में एडमिट हैं। भारतीय वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में फील्डिंग के समय चोटिल हो गए थे। उन्हें तिल्ली फटने और पसली में चोट के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया। 30 वर्षीय श्रेयस के लिए सूर्यकुमार यादव की मां की ममता छलकी है। उन्होंने छठी मैया से श्रेयस के जल्द ठीक की प्रार्थना की है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा।
वीडियो में देखा जा सकता है कि भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्या की मां ने छठ पूजा पर ना सिर्फ खुद श्रेयस के लिए प्रार्थना की बल्कि आसपास खड़े लोगों से भी ऐसा करने की गुजारिश की। उन्होंने कहा, ''मैं यह बोलना चाहती हूं कि सभी लोग श्रेयस अय्यर के लिए प्रार्थना कीजिए। सभी लोग प्रार्थना करें कि वह बहुत अच्छे से आ जाएं। क्योंकि मैंने कल सुना कि उसकी तबियत ठीक नहीं है। मुझे सुनकर बिल्कुल अच्छा नहीं लगा। छठी मैया करे की वह अपने घर अच्छे से आ जाए।''
वीडियो पर लोगों के जमकर रिएक्शन आ रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट किया, ''बहुत शानदार बात है। खेल से परे सच्चा पारिवारिक माहौल। यही क्रिकेट को खूबसूरत बनाता है'' दूसरे ने लिखा, ''मां की दुआएं अलग ही असर करती हैं। निश्छल प्रेम और शक्ति। श्रेयस भाई जल्दी ठीक हो जाओ। छठी मैया की तरह भारत तुम्हारे साथ है। जल्दी ठीक हो जाओ।'' तीसरे ने कहा, ''मां तो मां होती है।'' अन्य ने लिखा, ''मां से सुंदर कुछ भी नहीं। मां का आशीर्वाद स्वयं ईश्वर का आशीर्वाद है।''
श्रेयस ने सिडनी वनडे में एलेक्स कैरी का शानदार कैच लेने के लिए पीछे की ओर डाइव लगाई थी। इसके बाद, उनकी बाईं पसली के नीचे गंभीर चोट आई, जिससे आंतरिक रक्तस्राव हुआ और शरीर के महत्वपूर्ण अंगों के काफी करीब चोट लगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की मेडिकल टीम ने ड्रेसिंग रूम में लौटने पर अय्यर के महत्वपूर्ण मापदंडों में उतार-चढ़ाव के बाद तुरंत कार्रवाई की और उन्हें पास के एक अस्पताल ले जाया गया। उन्हें आईसीयू से बाहर शिफ्ट कर दिया गया। उनकी रिकवरी तेजी से हो रही है।






