
अक्षर पटेल की वापसी हो गई कंफर्म, सूर्यकुमार यादव ने उपकप्तान की फिटने पर दिया बड़ा अपडेट
सूर्यकुमार यादव ने बताया है कि अक्षर पटेल को फिट होने के लिए थोड़े और समय की जरूरत है। कप्तान ने उम्मीद जताई है कि उपकप्तान अगले मैच का हिस्सा हो सकते हैं।
भारतीय टीम ने बुधवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 मैच में भी टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व वाली भारतीय टीम ने विशाखापटनम में खेले जा रहे मुकाबले में एक बदलाव किया है। विस्फोटक बल्लेबाज ईशान किशन चोट के कारण चौथा मैच नहीं खेल रहे हैं, उनकी जगह भारत ने तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है। टॉस के दौरान सूर्यकुमार यादव ने उपकप्तान अक्षर पटेल की फिटनेस को लेकर बड़ा अपडेट दिया है।
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतने के बाद कहा, ''अक्षर पटेल को थोड़ा और समय चाहिए। इसलिए उम्मीद है कि हम उन्हें अगले मैच में खेलते हुए देखेंगे।'' भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। टॉस के बाद सूर्यकुमार ने कहा कि कल यहां ओस पड़ी थी और अभी उमस भी है इसलिए वह पहले गेंदबाजी करना चाहते हैं। भारतीय टीम में एक बदलाव है, ईशान किशन की जगह अर्शदीप सिंह खेल रहे हैं। सूर्यकुमार ने बताया कि किशन को निगल हुआ है।
वहीं न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा कि उनकी टीम अच्छा स्कोर सेट करने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि टीम में एक बदलाव है, काइल जैमिसन की जगह जैक फोक्स की वापसी हुई है। उन्होंने कहा कि नीशम अभी भी फिट नहीं हैं। भारत शुरुआती तीन मैच जीतकर पहले ही सीरीज अपने नाम कर चुका है।
दोनों टीमें इस प्रकार है-
टीम इंडिया प्लेइंग इलेवन: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और रवि बिश्नोई।
न्यूजीलैंड एकादश: टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), डेवोन कॉनवे, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, डैरिल मिशेल, मार्क चैपमैन, मिशेल सैंटनर (कप्तान), जैक फोक्स, मैट हेनरी, जेकब डफी और ईश सोढ़ी।
नागपुर में पहले मैच के दौरान उंगली में चोट लगने के बाद मंगलवार को बिना किसी खास परेशानी के अभ्यास सत्र में गेंदबाजी करने वाले अक्षर की उपयोगिता पर मोर्कल ने कहा, “अक्षर के पास मैच के किसी भी चरण में गेंदबाजी करने की क्षमता है। हमें पता है कि उनका कैसे इस्तेमाल करना है।”






