
सूर्यकुमार यादव इस बारे में मत सोचो...रिकी पोंटिंग ने बताया खराब फॉर्म से निकलने का फॉर्मूला
रिकी पोंटिंग ने सूर्यकुमार यादव को खराब फॉर्म से निकलने का फॉर्मूला बताया है। सूर्या ने पिछले साल टी20 में बतौर बल्लेबाज बेहद निराशाजनक प्रदर्शन किया। अगले महीने टी20 वर्ल्ड कप शुरू होने जा रहा।
सूर्यकुमार यादव के पिछले 18 महीने से चल रहे खराब प्रदर्शन से हैरान ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज रिकी पोंटिंग ने भारतीय टी20 टीम के कप्तान को सलाह दी है कि वह आउट होने के बारे में सोचे बिना रन बनाने पर ध्यान दें। खेल के सबसे छोटे अंतरराष्ट्रीय प्रारूप में कुछ समय पहले तक शीर्ष रैंकिंग पर रहे सूर्यकुमार ने साल 2025 में टी20 में बेहद खराब प्रदर्शन किया है। उन्होंने 21 मैचों (19 पारियों) में मात्र 218 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 13.62 और स्ट्राइक रेट 123.16 रहा। यह प्रदर्शन अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप से पहले मौजूदा चैंपियन टीम के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।
'सूर्या कुछ हद तक ट्रैविस की तरह'
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान पोंटिंग ने सूर्यकुमार की फॉर्म के बारे में ‘आईसीसी रिव्यू’ से कहा, ‘‘उनकी हालिया फॉर्म मेरे लिए भी बहुत बड़ी आश्चर्य की बात है। वह लंबे समय से टी20 क्रिकेट में भारत के लिए एक अहम योगदान देने वाला खिलाड़ी रहा है लेकिन हाल ही में वह अपनी लय नहीं पकड़ पा रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वह एक दिलचस्प खिलाड़ी हैं। वह छह, आठ या 10 गेंद खेलने के बाद अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करता है।’’ पोंटिंग ने कहा, ‘‘वह खुद पर भरोसा रखते हुए अपने सभी शॉट्स खेलने पर ध्यान देता है। वह कुछ हद तक ट्रैविस हेड (ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज) की तरह है, जिसे देखकर ऐसा लगता है कि उसे आउट होने का डर नहीं है।’’
'तुम किसी भी खिलाड़ी से कम नहीं'
पोंटिंग ने कहा कि वह सूर्यकुमार को सलाह देंगे कि वे रन बनाने पर ध्यान दें और आउट होने के बारे में नहीं सोचें। उन्होंने कहा, ‘‘मैं उनसे यही कहूंगा कि रन बनाने पर ध्यान दो, आउट होने के बारे में मत सोचो। खुद पर भरोसा रखो, खुद का समर्थन करो। टी20 प्रारूप में तुम दुनिया के किसी भी खिलाड़ी से कम नहीं हो। एक बार फिर सबको यह साबित कर दो।’’ ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ने शुभमन गिल को टीम से बाहर किए जाने पर हैरानी भी जताई, जो विश्व कप की तैयारी के दौरान हुई पिछली सीरीज तक भारत के उपकप्तान थे।
'मुझे इस पर यकीन नहीं हो रहा था'
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे इस पर यकीन नहीं हो रहा था। मुझे पता है कि सीमित ओवरों में उसका हालिया प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। उसने इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज में इतनी शानदार बल्लेबाजी की थी जितनी मैंने आज तक किसी को करते नहीं देखा था। मैं इससे आश्चर्यचकित हूं लेकिन यह भारतीय क्रिकेट में गहराई और खिलाड़ियों के विकल्प को दर्शाता है।’’ उन्होंने उपकप्तान अक्षर पटेल की तारीफ करते हुए उन्हें टीम के लिए भरोसेमंद खिलाड़ी करार दिया। भारत और श्रीलंका में खेले जाने वाले इस विश्व कप का आगाज सात फरवरी से होगा।

लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय





