कप्तानी गंवाने के बाद श्रेयस अय्यर से मिले सूर्यकुमार यादव, दी बधाई; जानिए क्या कहा
सूर्यकुमार यादव ने श्रेयस अय्यर को भारतीय टी20 टीम का कप्तान बनाए जाने पर उनको बधाई दी है। शनिवार को बीसीसीआई ने तीन टी20 टीमों का ऐलान किया लेकिन सूर्यकुमार को जगह नहीं मिली।

भारत के विश्व विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव करीब दो साल तक टीम की कमान संभालने के बाद अब स्क्वॉड से ही बाहर हो गए हैं। शनिवार को चयनकर्ताओं ने श्रेयस अय्यर को टीम का नया कप्तान नियुक्त किया, जिसके साथ ही सूर्यकुमार यादव के लिए टी20 टीम के सभी रास्ते बंद हो गए। श्रेयस के कप्तान बनने पर सूर्यकुमार यादव ने पहली बार रिएक्ट किया और वह अजीत अगरकर वाली चयन समिति के इस फैसले से खुश हैं। उन्होंने अय्यर को कप्तानी मिलने पर बधाई दी है। सूर्यकुमार और श्रेयस मुंबई टी20 लीग में खेल रहे हैं और शनिवार को मैच शुरू होने से पहले दोनों के गले मिलने का वीडियो सामने आया है। सूर्यकुमार यादव ने 2024 में रोहित शर्मा के संन्यास लेने के बाद टी20 टीम की कमान संभाली थी और फिर उनकी कप्तानी में भारत ने एशिया कप और फिर टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया।
मुंबई टी20 लीग में ट्रायम्फ नाइट्स मुंबई नॉर्थ ईस्ट और सोबो मुंबई फाल्कन्स के बीच हुए टॉस के दौरान सूर्यकुमार यादव ने श्रेयस अय्यर को टी20 इंटरनेशनल टीम में शामिल किए जाने और उन्हें टीम की कप्तानी सौंपी जाने पर बधाई दी। सूर्यकुमार ने कहा, ''मैं श्रेयस अय्यर के भारतीय टी20 टीम का कप्तान बनने पर बहुत खुश हूं। हमने साथ में मुंबई में यहां पर क्रिकेट खेला है और ये शानदार एहसास है कि पिछले तीन टी20 कप्तान मुंबई से ही आए हैं।'' मैच के दौरान का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और श्रेयस अय्यर एक साथ मौजूद हैं और फोटो खिंचवा रहे हैं। इस दौरान सूर्यकुमार और श्रेयस गले भी मिलते हैं।
अगरकर ने कहा कि पिछले दो सत्रों में सूर्यकुमार की लगातार गिरती फॉर्म ने उन्हें टी20 कप्तानी से हटाने के फैसले को प्रभावित किया। मुंबई के इस खिलाड़ी के बल्ले से औसत प्रदर्शन के बावजूद कप्तान के रूप में अच्छा काम किया था। अगरकर ने कहा, ''सूर्यकुमार के मामले में यह निश्चित रूप से एक कठिन निर्णय था, खासकर तब जब उन्होंने हाल ही में टी20 विश्व कप जीता था। हम हालांकि अधिकांश विश्व कप के बाद आकलन करते है कि आगे की दिशा क्या होनी चाहिए।'' उन्होंने कहा, ''यह निर्णय कुछ हद तक उनकी फॉर्म को देखते हुए लिया गया, लेकिन साथ ही भविष्य खासकर अगले विश्व कप तक के समय को ध्यान में रखते हुए हमने लगा यह सही तरीका है। हम मानते है कि श्रेयस एक बेहद योग्य कप्तान हैं।''
अगरकर ने कहा, '' इस पर काफी विचार-विमर्श हुआ, खासकर तब जब किसी खिलाड़ी ने आपको विश्व कप जिताया हो। ऐसे निर्णय लेना आसान नहीं होता। लेकिन मेरा यह भी मानना नहीं है कि किसी स्तर पर हमें इस बदलाव पर विचार करना ही था। अब यह कहना कि आईपीएल फॉर्म ने इसे तय किया, मैं पूरी तरह से सहमत नहीं हूं। इस पर पहले से ही चर्चा चल रही थीं।''
लेखक के बारे में
Himanshu Singhहिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)
हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।
परिचय और अनुभव
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।
खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी



