
मेरा थोड़ा लंबा खिंच गया है...सूर्यकुमार यादव ने विश्व कप से पहले फैंस से किया बड़ा वादा
भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपनी हालिया खराब फॉर्म पर खुलकर बात की है और प्रशंसकों को भरोसा दिलाया है कि वे जल्द ही अपने पुराने अंदाज में नजर आएंगे। सूर्यकुमार लगातार पारियों में बड़ा स्कोर नहीं बना सके हैं।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने शनिवार को आगामी टी20 विश्वकप 2026 के लिए सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की। टीम में खराब फॉर्म से जूझ रहे कप्तान शुभमन गिल को 15 सदस्यीय टीम में जगह नहीं है। उनकी जगह अक्षर पटेल को टीम का उप कप्तान बनाया गया है। इसके अलावा सैयद मुश्तक अली ट्रॉफी 2026 में चैंपियन झारखंड के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले इशान किशन के साथ रिंकू को भी भारतीय टीम शामिल किया गया है। कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ हुई बीसीसीआई की चयन समिति की बैठक के बाद टी-20 विश्वकप 2026 के लिए टीम का ऐलान हुआ। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सूर्यकुमार यादव ने अपने फॉर्म को लेकर भी प्रतिक्रिया दी है।
इस साल टी20 क्रिकेट में सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन खास नहीं रहा है। उनका औसत करीब 15 के आसपास रहा है। अगले साल होने वाले आईसीसी टी20 विश्व कप से पहले उनकी फॉर्म चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां भारत सात फरवरी से अपने खिताब की रक्षा करेगा। भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपनी खराब फॉर्म के बारे में कहा, ‘‘मुझे पता है कि मुझे क्या करना है और मैं वह करूंगा। आप निश्चित तौर पर सूर्यकुमार बल्लेबाज को देखेंगे। यह दौर (खराब लय) थोड़ा लंबा चला है, लेकिन पहले भी कई खिलाड़ी खराब फॉर्म से वापसी कर चुके हैं।”

भारत के लिए सूर्यकुमार का प्रदर्शन भले ही कुछ खास न रहा हो, लेकिन आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए उन्होंने लगातार 16 पारियों में कम से कम 25 रन बनाए। भारत की तरफ से खेलते हुए 2025 में टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। उन्होंने 19 पारियों में 13.62 की औसत से सिर्फ 218 रन बनाए हैं और एक भी अर्धशतक नहीं लगाया है।
टी-20 विश्वकप 2026 के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है:- सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमंसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शुभम दुबे,अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वॉशिंगटन सुंदर और इशान किशन (विकेटकीपर)।






