
सुनील गावस्कर ने विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर कर दी बड़ी भविष्यवाणी; बोले- हैरान मत होना अगर…
रोहित और कोहली अगले दो मैचों में बड़ा स्कोर बनाते हैं तो हैरान मत होइए। वे कुछ महीनों के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर रहने के बाद वापसी कर रहे हैं। वे जितना ज्यादा खेलेंगे, जितना ज्यादा समय नेट्स पर बिताएंगे उतनी ही जल्दी वे अपनी लय हासिल कर लेंगे।
पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर बड़ी भविष्यवाणी कर दी है। कोहली और रोहित की जोड़ी की लंबे समय बाद क्रिकेट फील्ड पर वापसी फीकी रही। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर दोनों दिग्गजों से तगड़े प्रदर्शन की उम्मीद थी, मगर पर्थ में हुए पहले वनडे में कोहली और रोहित दोनों का प्रदर्शन फीका रहा। रोहित शर्मा 8 रन बनाकर आउट हुए, वहीं विराट कोहली तो खाता भी नहीं खोल पाए। हालांकि इस निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद सुनील गावस्कर का कहना है कि उन्हें बाकी कोहली और रोहित को अगले दो मैचों में अच्छा प्रदर्शन करते देखना कोई आश्चर्य की बात नहीं होगी।

गावस्कर ने इंडिया टुडे को बताया, "वे शायद ऑस्ट्रेलिया की सबसे उछाल वाली पिच पर खेल रहे थे। यह आसान नहीं था, खासकर उन खिलाड़ियों के लिए जिन्होंने कुछ महीनों से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है। शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर के लिए यह चुनौतीपूर्ण था, जो आमतौर पर नियमित रूप से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "भारत अभी भी एक बहुत ही अच्छी टीम है। उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी जीती है। अगर रोहित और कोहली अगले दो मैचों में बड़ा स्कोर बनाते हैं तो हैरान मत होइए। वे कुछ महीनों के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर रहने के बाद वापसी कर रहे हैं। वे जितना ज्यादा खेलेंगे, जितना ज्यादा समय नेट्स पर बिताएंगे, और जितने ज्यादा थ्रोडाउन लेंगे, शायद 22 की बजाय 20 साल के रिजर्व गेंदबाजों से भी, उतनी ही जल्दी वे अपनी लय हासिल कर लेंगे। एक बार जब वे रनों के बीच वापस आ जाएंगे, तो भारत का कुल स्कोर 300 या 300 से ज्यादा होगा।"
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया दूसरा वनडे एडिलेड में खेला जाना है, यहां विराट कोहली का रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है। कोहली ने दिसंबर 2014 में अपनी टेस्ट कप्तानी की शुरुआत में एडिलेड ओवल में दो शतक लगाए थे और उनका पहला टेस्ट शतक भी इसी मैदान पर आया था। वनडे में, उन्होंने 2015 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत के पहले मैच में एडिलेड ओवल में शतक लगाया था।






