सुनील गावस्कर को थी गैरी सोबर्स को आउट करने की ख्वाहिश, बोले- मुझे लगता था कि मैं...

Bhasha, मुंबई
share

सुनील गावस्कर अपने हीरो गैरी सोबर्स को आउट करने की ख्वाहिश पाले हुए थे, क्योंकि उनको लगता था कि वे एक अच्छे गेंदबाज हैं और अपनी आउट स्विंग से नेट्स में कैरेबियाई टीम के महान खिलाड़ी को फंसा लेंगे।

Sunil Gavaskar
सुनील गावस्कर

भारत के पूर्व कप्तान और महान बल्लेबाजों में शुमार सुनील गावस्कर ने सोमवार को सर गारफील्ड सोबर्स को याद करते हुए कहा कि बचपन में वह वेस्टइंडीज के इस महान क्रिकेटर को अपना आदर्श मानते थे और उन्हें आउट करने का सपना देखते थे। उन्होंने कहा कि महान ऑलराउंडर सोबर्स 'सभी के हीरो' थे। क्रिकेट इतिहास के सर्वकालीन महान खिलाड़ियों में शुमार सोबर्स का इस साल जुलाई में 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।

गावस्कर ने बॉम्बे जिमखाना में सोबर्स के जीवन और विरासत का जश्न मनाने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, ''मेरे शुरुआती आदर्श असल में एमएल जयसिम्हा थे लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोहन कन्हाई और सर गारफील्ड सोबर्स थे।'' उन्होंने कहा, ''यह बात कहते हुए मुझे थोड़ा अजीब लगता है, लेकिन उन दिनों नेट्स में गेंदबाजी करने के लिए आपको नई गेंद दी जाती थी। कोई यह नहीं देखता था कि आप 22 गज की दूरी से गेंदबाजी कर रहे हैं या उससे थोड़ा आगे से। ब्रेबोर्न स्टेडियम में नेट्स पर गेंद काफी स्विंग होती थी और थोड़ा मूवमेंट भी मिलता था।''

मुझे लगता था कि मैं अच्छा गेंदबाज हूं- गावस्कर

गावस्कर ने कहा, ''उस समय मुझे लगता था कि मैं अच्छा गेंदबाज हूं। मेरा एक ही सपना था। यह बताते हुए भी मुझे थोड़ा अजीब लगता है कि मैं रोहन कन्हाई को आउट करना चाहता था, क्योंकि मैं अच्छी आउटस्विंग गेंदबाजी कर लेता था। मैं चाहता था कि कन्हाई मेरी गेंद पर विकेट के पीछे कैच आउट हों और फिर अगली ही गेंद पर गारफील्ड सोबर्स एलबीडब्ल्यू हो जाएं। यही मेरा सपना था।''

गेंदबाज के रूप में ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ पाने वाले गावस्कर आगे चलकर अपनी मजबूत तकनीक और धैर्य के दम पर क्रिकेट के महानतम बल्लेबाजों में शामिल हुए। उन्होंने कहा, ''बेशक, मुझे अपने पहले टेस्ट में गेंदबाजी करने का मौका नहीं मिला और तभी मुझे एहसास हुआ कि गेंदबाजी बिल्कुल अलग चीज है।'' गावस्कर ने कहा, ''इन दो महान खिलाड़ियों और भारतीय टीम के दूसरे दिग्गजों के दौर में होना अपने आप में खास था। मेरे आदर्श जयसिम्हा भी मेरे पहले दौरे पर वहां मौजूद थे। अजित वाडेकर और दिलीप सरदेसाई जैसे खिलाड़ी अविश्वसनीय थे।''

गावस्कर ने सुनाया सोबर्स से जुड़ा किस्सा

गावस्कर ने दिसंबर 1966 में ब्रेबोर्न स्टेडियम में भारत के खिलाफ वेस्टइंडीज की ओर से सोबर्स को खेलते देखने का अनुभव भी साझा किया। इससे पहले उन्होंने 1958 में भी सोबर्स को खेलते हुए देखा था। उन्होंने कहा, ''1966 में मैं ब्रेबोर्न स्टेडियम के पवेलियन में था। मेरी उम्र 18 साल से कम थी और मुझे वहां नहीं होना चाहिए था, क्योंकि क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (सीसीआई) के नियमों के अनुसार 18 साल से कम उम्र के लोगों को पवेलियन में जाने की अनुमति नहीं थी।''

गावस्कर ने कहा, ''मुझे लगता है कि हमें उस समय वहां बनी बच्चों के दीर्घा के पास बैठने की अनुमति दी गई थी। वहीं, हमने वह मैच देखा, जिसमें सर गारफील्ड ने इतने रन बनाए थे।'' इससे पहले 1958 में भारत दौरे पर आई वेस्टइंडीज की टीम के खिलाफ गावस्कर ने सोबर्स को नॉर्थ स्टैंड से खेलते हुए देखा था। उन्होंने कहा, ''मैंने उन्हें गुलाम गार्ड की गेंद पर उन्हीं को कैच देते हुए देखा। गुलाम गार्ड बाएं हाथ के तेज गेंदबाज थे। उन्होंने बाउंसर फेंकी, सोबर्स ने हुक शॉट खेलने की कोशिश की और उनका बल्ला हाथ से छूट गया। गेंद हवा में गई और तेज गेंदबाज गुलाम गार्ड ने खुद ही कैच लपक लिया।''

'हम निराश थे कि वे जल्दी आउट हो गए'

गावस्कर ने कहा, ''हम सभी इस बात से निराश थे कि वह सिर्फ 25 रन बनाकर आउट हो गए। भारतीय होने के बावजूद हम चाहते थे कि गैरी सोबर्स और रोहन कन्हाई खूब रन बनाएं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हालांकि, दूसरी पारी में जब गुलाम गार्ड ने एक और बाउंसर फेंकी तो गैरी सोबर्स ने गेंद को टेनिस कोर्ट के पार पहुंचा दिया। मुझे लगता है कि उन्होंने नाबाद 142 रन बनाए थे।''

वेस्टइंडीज के पूर्व तेज गेंदबाज इयान बिशप ने भी क्रिकेट समितियों में सोबर्स के साथ काम करने के दौरान उनके स्नेहपूर्ण व्यवहार को याद किया। बिशप ने कहा, ''मैंने उनके साथ कुछ क्रिकेट समितियों में काम किया था। वेस्टइंडीज के शुरुआती महान ऑलराउंडरों में शामिल लॉर्ड लियरी कॉन्स्टेंटाइन से लेकर आगे तक, आपसे पहले आए लोगों की उपलब्धियों के आधार पर ही आगे बढ़ते हैं। मुझे यकीन है कि सर गैरी ने भी ऐसा ही किया होगा।''

उन्होंने कहा, ''क्रिकेट समिति की बैठकों के दौरान सर गैरी से बातचीत करने और उन्हें सुनने के बाद मुझे एहसास हुआ कि वह एक असाधारण इंसान थे। कुछ महीने पहले उनके निधन के बारे में सोचता हूं तो कई बार मेरी आंखों में आंसू आ जाते हैं, क्योंकि एक खिलाड़ी के रूप में उनकी विरासत अपनी जगह है।''

Vikash Gaur

लेखक के बारे में

Vikash Gaur

विकाश गौड़: डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर कम असिस्टेंट मैनेजर, स्पोर्ट्स


संक्षिप्त विवरण:

विकाश गौड़ पिछले 8 वर्षों से हिंदी डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) के स्पोर्ट्स सेक्शन में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर (असिस्टेंट मैनेजर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


विस्तृत बायो:

परिचय और अनुभव: विकाश गौड़ भारतीय डिजिटल स्पोर्ट्स मीडिया का एक उभरता हुआ चेहरा हैं। लगभग 8 वर्षों के अनुभव के साथ, विकाश ने डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को जमीन से समझा है। 2016 में अपने करियर की शुरुआत करने वाले विकाश ने डिजिटल-फर्स्ट अप्रोच के साथ खेल पत्रकारिता में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। जनवरी 2021 से वह 'लाइव हिन्दुस्तान' की स्पोर्ट्स टीम के मुख्य स्तंभ बने हुए हैं, जहां वह कंटेंट प्लानिंग और स्पोर्ट्स कवरेज का नेतृत्व करते हैं।


करियर का सफर:
मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़ से पत्रकारिता का ककहरा सीखने के बाद विकाश का सफर 'खबर नॉन स्टॉप' से शुरू हुआ था, जो अब देश के प्रतिष्ठित मीडिया घरानों तक फैला हुआ है। उन्होंने पत्रिका समूह की वेबसाइट 'कैच न्यूज' में खेल की खबरों की तकनीकी समझ विकसित की। इसके बाद 'डेली हंट' में वीडियो प्रोड्यूसर के तौर पर काम करते हुए उन्होंने विजुअल स्टोरीटेलिंग के गुर सीखे। 'दैनिक जागरण' की वेबसाइट में करीब ढाई साल तक खेल डेस्क पर अपनी धार तेज करने के बाद, उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान का रुख किया, जहां वे बीते 4 साल से चौके-छक्के लगा रहे हैं। इंटर्न के तौर पर प्रिंट की समझ हासिल कर चुके विकाश गौड़ के पास अब डिजिटल की अच्छी समझ है और वे ट्रेंड को बखूबी फॉलो करते हैं।


खेल जगत की कवरेज और विशेषज्ञता:
अपने अब तक के करियर में विकाश ने दुनिया के कई बड़े खेल आयोजनों को डेस्क और फील्ड पर रहकर कवर किया है। उनकी विशेषज्ञता केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं है, बल्कि वह मल्टी-स्पोर्ट्स इवेंट्स की भी गहरी समझ रखते हैं। उन्होंने निम्नलिखित प्रमुख आयोजनों का व्यापक विश्लेषण और रिपोर्टिंग की है:


क्रिकेट:आईसीसी क्रिकेट विश्व कप, आईपीएल और द्विपक्षीय सीरीज।


ग्लोबल इवेंट्स: ओलंपिक गेम्स, राष्ट्रमंडल खेल और एशियाई खेल


पत्रकारिता का दृष्टिकोण:
विकाश का मानना है कि खेल पत्रकारिता केवल स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह खिलाड़ियों के संघर्ष, खेल की रणनीति और डेटा के पीछे छिपी कहानी को पाठकों तक पहुंचाने का माध्यम है। लाइव हिन्दुस्तान में अपनी भूमिका में वह सुनिश्चित करते हैं कि खेल की खबरें सटीक, तेज और निष्पक्ष हों, जिससे पाठकों को एक संपूर्ण अनुभव मिल सके।


विशेषज्ञता:

क्रिकेट विश्लेषण एवं लाइव कवरेज
ओलंपिक एवं ग्लोबल स्पोर्ट्स इवेंट्स
इंटरव्यू एवं मीडिया इंटरैक्शन
स्पोर्ट्स डेटा एंड स्टेटिस्टिक्स
डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी एंड टीम मैनेजमेंट

और पढ़ें
Cricket News , Cricket Schedule , Live Cricket Score से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। क्रिकेट की सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप डाउनलोड करें।
Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़गावस्कर को थी गैरी सोबर्स को आउट करने की ख्वाहिश, बोले- मुझे लगता था कि मैं…