सुझाव बेकार और गलत; दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों की वतन वापसी में देरी की आलोचना पर ICC का पलटवार

Mar 11, 2026 01:28 pm ISTChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, भाषा
share

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने खाड़ी क्षेत्र में तनाव के कारण टी20 विश्व कप के बाद घर वापस न लौट पाने वाले खिलाड़ियों के प्रति सहानुभूति जताई है। साथ में उसने उन सुझावों को 'अनुपयोगी और गलत' करार दिया जिनमें कहा गया है कि खिलाड़ियों की सुरक्षा और हितों को ध्यान में रखे बिना फैसले लिए गए।

सुझाव बेकार और गलत; दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों की वतन वापसी में देरी की आलोचना पर ICC का पलटवार

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने खाड़ी क्षेत्र में तनाव के कारण टी20 विश्व कप के बाद घर वापस न लौट पाने वाले खिलाड़ियों के प्रति सहानुभूति जताई है। साथ में उसने उन सुझावों को 'अनुपयोगी और गलत' करार दिया जिनमें कहा गया है कि खिलाड़ियों की सुरक्षा और हितों को ध्यान में रखे बिना फैसले लिए गए।

अमेरिका और इजरायल के ईरान पर किए गए हमले के बाद खाड़ी क्षेत्र में हवाई क्षेत्र बंद कर दिया गया है, जिससे उड़ानों का कार्यक्रम अस्त-व्यस्त हो गया।

आईसीसी ने कहा कि वह भारत में फंसे खिलाड़ियों विशेषकर वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ियों के प्रति सहानुभूति रखती है लेकिन स्पष्ट किया कि वैकल्पिक यात्रा मार्गो की योजना बनाते समय खिलाड़ियों की सुरक्षा और हितों को ध्यान में रखा जा रहा है।

11 से दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों की रवानगी

आईसीसी ने यात्रा कार्यक्रम का विवरण देते हुए कहा कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी बुधवार की रात को स्वदेश रवाना होना शुरू कर देंगे और उम्मीद है कि उसकी टीम के सभी सदस्य अगले 36 घंटों के भीतर रवाना हो जाएंगे।

वेस्टइंडीज के 9 खिलाड़ी पहले ही लौट चुके हैं स्वदेश

आईसीसी ने बताया कि वेस्टइंडीज टीम के नौ सदस्य पहले ही अपने देशों के लिए रवाना हो चुके हैं, जबकि बाकी 16 सदस्यों के लिए अगले 24 घंटों के भीतर भारत से रवाना होने वाली उड़ानों में बुकिंग करा ली गई है।

आईसीसी ने वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका की टीमों के लिए मंगलवार को अलग-अलग वाणिज्यिक उड़ानों की बुकिंग की, क्योंकि कोलकाता से उड़ान भरने वाली उनकी चार्टर उड़ान 'लॉजिस्टिक' समस्याओं के कारण रद्द कर दी गई थी।

माइकल वॉन ने की थी आईसीसी की आलोचना

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने आईसीसी की आलोचना की थी, जबकि दक्षिण अफ्रीका के स्टार खिलाड़ी डेविड मिलर ने संकेत दिया कि इंग्लैंड के खिलाड़ियों के लिए बेहतर यात्रा व्यवस्था की गई थी, क्योंकि वे सेमीफाइनल से बाहर होने के एक दिन के भीतर ही रवाना हो गए थे। इससे पहले वेस्टइंडीज के कोच डैरेन सैमी ने आईसीसी से कोई अपडेट न मिलने पर निराशा व्यक्त की थी।

आईसीसी ने किसी का नाम लिए बिना पलटवार किया।

आईसीसी का पलटवार

क्रिकेट की विश्व संस्था ने कहा, ‘आईसीसी इस बात को पूरी तरह से खारिज करती है कि ये निर्णय सुरक्षा, व्यवहार्यता और खिलाड़ियों के हितों से इतर किसी अन्य कारण से लिए गए हैं। विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्मों पर स्थिति से अनभिज्ञ लोग जो सुझाव दे रहे हैं वे अनुपयोगी और गलत हैं।’

इसमें आगे कहा गया है, ‘दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के मामले में की गई व्यवस्था का इंग्लैंड या किसी अन्य देश के लिए पहले की गई व्यवस्था से कोई लेना देना नहीं है। यह व्यवस्था अलग-अलग परिस्थितियों, मार्ग विकल्पों और अलग-अलग यात्रा स्थितियों पर आधारित थी।’

दोनों टीमों ने कोलकाता में (वेस्टइंडीज ने सुपर आठ में एक मार्च को और दक्षिण अफ्रीका ने चार मार्च को सेमीफाइनल में) अपने अंतिम मैच खेले। आईसीसी का एयरलाइंस साझेदार एमिरेट्स है और दुबई के हवाई क्षेत्र के बंद होने के कारण वह भी परिचालन करने में असमर्थ हैं।

आईसीसी ने कहा, ‘हम समझते हैं कि आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ी, कोच, सहयोगी स्टाफ और उनके परिजन घर लौटने के लिए उत्सुक हैं। उनका अभी तक स्वदेश नहीं लौट पाना वास्तव में निराशाजनक है और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद भी इस निराशा में उनके साथ है।’

खाड़ी क्षेत्र में जारी संकट को बताया जिम्मेदार

विश्व क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था ने कहा, ‘यह देरी खाड़ी क्षेत्र में चल रहे संकट का सीधा परिणाम है, जिसके कारण अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा में व्यापक और निरंतर व्यवधान उत्पन्न हुआ है। हवाई क्षेत्र का बंद होना, मिसाइल चेतावनी, मार्ग परिवर्तन संबंधी प्रतिबंध के साथ ही वाणिज्यिक और चार्टर उड़ानों का अचानक रद्द होना और पुनर्निर्धारित होना शामिल है। ये परिस्थितियां पूरी तरह से आईसीसी के नियंत्रण से बाहर हैं। इसके कारण यात्रा कार्यक्रम तैयार करना मुश्किल हो गया था और इसमें अधिक समय लगा।’

आईसीसी ने कहा कि वह खिलाड़ियों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित करने के लिए टूर ऑपरेटरों और एयरलाइंस के साथ लगातार संपर्क में है।

आईसीसी ने कहा, ‘इस पूरी अवधि के दौरान आईसीसी की सर्वोच्च प्राथमिकता सभी प्रभावित लोगों की सुरक्षा और उनके हितों की रक्षा करना रहा है। इनमें अपने जीवनसाथी और छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाले खिलाड़ी भी शामिल हैं। जब तक हम यह सुनिश्चित नहीं कर लेते कि यात्रा पूरी तरह से सुरक्षित है, तब तक हम लोगों को स्थानांतरित नहीं करेंगे और हम इसके लिए प्रतिबद्ध हैं।’

आईसीसी ने संबंधित क्रिकेट बोर्डों और खिलाड़ियों से धैर्य बनाए रखने का भी आग्रह किया, क्योंकि वह खाड़ी में बदलती स्थिति के बीच सर्वोत्तम संभव समाधान निकालने के लिए काम कर रहा है।

आईसीसी ने कहा, ‘हमारी टीमें चौबीसों घंटे काम कर रही हैं और परिस्थितियों में हो रहे बदलावों के अनुसार टीम मैनेजरों के साथ लगातार संपर्क में हैं। हम आगे की स्थिति को लेकर आपको अपडेट देते रहेंगे।’

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule और Live Cricket Score देखें और Live Hindustan App डाउनलोड करके सभी अपडेट सबसे पहले पाएं।