यशस्वी जायसवाल को लेकर गौतम गंभीर का बड़ा बयान, इस वर्ल्ड कप स्क्वॉड में हो उनका नाम
गंभीर ने कहा 'जायसवाल ने घरेलू क्रिकेट में फर्स्ट क्लास और वनडे दोनों मैचों में दोहरा शतक बनाया है। उनका IPL का प्रदर्शन सोने पर सुहागा है। उन्हें आगामी (टी20) विश्व कप के लिए भी चुना जाना चाहिए।'
पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर ने कहा है कि यशस्वी जयसवाल को टी20 विश्व कप 2024 के लिए भारत की टीम में होना चाहिए। गंभीर का कहना है कि इंडियन प्रीमियर लीग 2023 और डोमेस्टिक क्रिकेट में अपने जबरदस्त प्रदर्शन के बाद जयसवाल तुरंत भारतीय टी20ई टीम में चयन के योग्य हैं। उत्तर प्रदेश में जन्मे और मुंबई में पले-बढ़े जयसवाल की क्रिकेट स्टारडम तक की यात्रा किसी प्रेरणा से कम नहीं है। उनकी प्रतिभा को सबसे पहले स्थानीय कोच ज्वाला सिंह ने पहचाना और इस युवा खिलाड़ी पर मेहनत कर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया।
आईपीएल 2023 में जायसवाल ने अपने गजब के प्रदर्शन से खूब सुर्खियां बटोरी थी। उन्होंने 14 मैचों में 625 रन बनाए जो एक अनकैप्ड खिलाड़ी द्वारा एक सीजन में बनाए गए सबसे ज्यादा रन थे। यशस्वी ने इस दौरान एक शतक और पांच अर्धशतक भी जड़े थे। आईपीएल से पहले जायसवाल डोमेस्टिक क्रिकेट में धमाल मचा चुके थे, वह विजय हजारे ट्रॉफी में दोहरा शतक बनाने वाले सबसे कम उम्र के क्रिकेटर बने थे। उनकी उम्र 17 साल और 292 दिन थी जब उन्होंने टूर्नामेंट में दोहरा शतक लगाया।
न्यूज 18 से बात करते हुए गौतम गंभीर ने कहा 'भारत में मुद्दा यह है कि हम आईपीएल के 2 महीनों को इतनी गंभीरता से लेते हैं कि जो भी अच्छा करता है हम उसे भारतीय टीम में शामिल करते हैं।'
IND W vs BAN W: हरमनप्रीत कौर के सपोर्ट में उतरी स्मृति मंधाना, कहा 'पुरुष क्रिकेट में भी तो...'
गंभीर का मानना था कि घरेलू क्रिकेट में दोहरे शतक के बाद आईपीएल में जयसवाल की सफलता महज 'सोने पर सुहागा' है।
दो बार के इस वर्ल्ड चैंपियन खिलाड़ी ने आगे कहा, 'जायसवाल ने घरेलू क्रिकेट में फर्स्ट क्लास और वनडे दोनों मैचों में दोहरा शतक बनाया है। उनका आईपीएल 2023 का प्रदर्शन सोने पर सुहागा है। उन्हें आगामी (टी20) विश्व कप के लिए भी चुना जाना चाहिए।'
