World Cup 2023: अफगानिस्तान से हार पर पाकिस्तान की वीरेंद्र सहवाग ने की जमकर बेइज्जती, TWEET से मचा हंगामा
आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 में पाकिस्तान की अफगानिस्तान के खिलाफ हार के बाद वीरेंद्र सहवाग का ट्वीट खूब वायरल हो रहा है। वीरेंद्र सहवाग ने कहा कि पाकिस्तान की ऐसी हार तो पहले ही तय हो चुकी थी।

आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 में कुछ ऐसे नतीजे आ रहे हैं, जिसकी शायद ही किसी को उम्मीद रही होगी। अफगानिस्तान ने पहले डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड को धोया, फिर नीदरलैंड ने साउथ अफ्रीका के अजेय रथ को रोका और अब अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को धूल चटा डाली है। पाकिस्तान वर्सेस अफगानिस्तान मैच का रिजल्ट ऐसा होगा, इसकी बहुत कम लोगों को उम्मीद थी। अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच आठ विकेट से अपने नाम किया और साथ ही पाकिस्तान के सेमीफाइनल में पहुंचने के रास्ते में बहुत सारे कांटे एकसाथ बिछा डाले। पाकिस्तान की पांच मैचों में यह तीसरी हार थी। नीदरलैंड और श्रीलंका के खिलाफ जीत के साथ वर्ल्ड कप 2023 का सफर शुरू करने वाले पाकिस्तान की यह इन टूर्नामेंट में लगातार तीसरी हार थी। पाकिस्तान की हार पर टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग की सोशल मीडिया पोस्ट जमकर वायरल हो रही है।
सहवाग ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'पाकिस्तान अनप्रिडिक्टेबल साइड है, लेकिन जिस तरह से वह इस टूर्नामेंट में पहले मिली हार पर घटिया बहाने बना रहे थे, उनकी ऐसी हार तय दिख रही थी। पाकिस्तान ने अपनी कमियों और कमजोरियों पर फोकस ही नहीं किया। अफगानिस्तान के लिए यह कितने गर्व का दिन है। कई बार वह पाकिस्तान के खिलाफ जीत के करीब आए, लेकिन इस बार उन्होंने लाइन क्रॉस कर ली।'
आईसीसी वर्ल्ड कप पॉइंट्स टेबल में अफगानिस्तान 10वें पायदान से सीधे छठे पायदान पर पहुंच गया है। पांच मैचों में तीन हार के साथ पाकिस्तान अभी भी पॉइंट्स टेबल में पांचवें पायदान पर बना हुआ है। पाकिस्तान ने इस मैच में 50 ओवर में सात विकेट पर 282 रन बनाए और जवाब में अफगानिस्तान ने 49 ओवर में दो विकेट गंवाकर ही 286 रन बना डाले। पाकिस्तान को अब अपना अगला मुकाबला 27 अक्टूबर को साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलना है। पाकिस्तान का अगला मैच भी चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में ही खेला जाना है।





