IND vs SA: हार के बाद टीम मैनेजमेंट पर बरसे वीरेंद्र सहवाग, ऋषभ पंत को प्लेइंग XI में शामिल न करने पर कहा- उसने गाबा में ऑस्ट्रेलिया का घमंड तोड़ा है
मैच के बाद वीरेंद्र सहवाग से जब क्रिकबज के साथ बातचीत के दौरान यह पूछा गया कि क्या अब भारत को अपने प्लान में बदलाव करने की जरूरत है, तो सहवाग ने कहा कि पंत को भारत की प्लेइंग इलेवन में बने रहना चाहिए।

टीम इंडिया को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2022 के अपने तीसरे मुकाबले में रविवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा। जीत के बाद साउथ अफ्रीका की टीम सुपर-12 के ग्रुप 2 में प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। तेम्बा बावुमा की टीम के पास तीन मैचों से पांच अंक हो गए हैं जबकि भारत हार के बाद दूसरे नंबर पर खिसक गया है। भारत के और बांग्लादेश के एकसमान चार अंक है। मैच के दौरान भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक (DK) चोटिल हो गए और फील्डिंग करते समय मैच समाप्त होने से पांच ओवर पहले ही मैदान छोड़कर चले गए। उनकी गैरमौजूदगी में ऋषभ पंत को विकेटकीपिंग के आना पड़ा। कार्तिक का अब बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले भारत के अगले मैच में खेलना तय नहीं लग रहा है।
मैच के बाद पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग (Virender Sehwag) से जब क्रिकबज के साथ बातचीत के दौरान यह पूछा गया कि क्या अब भारत को अपने प्लान में बदलाव करने की जरूरत है, तो सहवाग ने कहा कि पंत को भारत की प्लेइंग इलेवन में बने रहना चाहिए।
सहवाग ने कहा, '' ये तो पहले दिन से ही होना चाहिए था। वह (पंत) वहां टेस्ट क्रिकेट खेले हैं, वनडे खेले हैं और परफॉर्म भी किया है। दिनेश कार्तिक कब ऑस्ट्रेलिया में खेले हैं? ये कोई बैंगलोर की विकेट नहीं है। मैं आज भी ये कह रहा हूं कि हुड्डा की जगह पंत को खिलाते। उनको (पंत) वहां खेलने का अनुभव है। उन्होंने गाबा में ऑस्ट्रेलिया का घमंड तोड़ा है।''
कार्तिक रविवार को साउथ अफ्रीका के खिलाफ 15 गेंदों का सामना करने के बाद केवल 6 रन ही बना पाए।वहीं, पंत को इस वर्ल्ड कप में अब तक एक बार भी प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला है। सहवाग ने आगे कहा, '' मैं यहां बस राय दे सकता हूं। बाकी टीम मैनेजमेंट जिसको भी खिलाए। अगले मैच में प्रॉब्लम उनकी है। अगर कार्तिक फिट होते हैं ताे वे इसी कॉम्बिनेशन के साथ जाएंगे। मेरी नजर में ऋषभ पंत पहले भी होने चाहिए थे।''



