IPL 2023 में धमाका करने वाले टॉप 5 अनकैप्ड प्लेयर, जायसवाल और ये खिलाड़ी हैं शामिल
IPL 2023 में धमाका करने वाले टॉप 5 अनकैप्ड इंडियन प्लेयर्स की लिस्ट में यशस्वी जायसवाल शीर्ष पर हैं। उनके अलावा इस लिस्ट में रिंकू सिंह, जितेश शर्मा, सुयश शर्मा और तिलक वर्मा जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।
इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल को शुरू करने की मकसद ही युवा प्रतिभाओं को मंच देना था। यही कारण है कि आईपीएल की ट्रॉफी पर संस्कृत में लिखा है, 'यात्रा प्रतिभा अवसरा प्रपोनोति'। ऐसा ही इस बार के आईपीएल में भी देखने को मिला, जहां दर्जनों अनकैप्ड इंडियन प्लेयर्स ने धूम मचाई। उन्हीं में से 5 खिलाड़ियों के बारे में आप जानेंगे, जिन्होंने आईपीएल 2023 में धमाकेदार प्रदर्शन से दिल जीता।
1. यशस्वी जायसवाल
आईपीएल 2023 में दमदार प्रदर्शन करने वाले अनकैप्ड इंडियन प्लेयर्स की लिस्ट में शीर्ष पर यशस्वी जायसवाल हैं, जिन्होंने राजस्थान रॉयल्स के लिए 14 मैचों में 625 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 163.61 का था। इस सीजन उन्होंने एक शतक और 5 अर्धशतक जड़े।
2. रिंकू सिंह
कोलकाता नाइट राइडर्स के रिंकू सिंह वैसे तो कई सालों से आईपीएल में खेल रहे हैं, लेकिन इस सीजन उन्होंने जैसे ही पांच छक्के लगातार ठोककर केकेआर को जीत दिलाई तो वे अलग अंदाज में नजर आए। उन्होंने 14 मैचों में 474 रन बनाए और कई मैच फिनिश किए।
3. तिलक वर्मा
लिस्ट में तीसरा नाम मुंबई इंडियंस के तिलक वर्मा का है। तिलक वर्मा पिछले साल भी रंग में नजर आए थे, लेकिन इस साल उन्होंने अपने खेल को नए आयाम दिए। तिलक ने 11 मैचों में 343 रन बनाए। एक ही अर्धशतक उन्होंने जड़ा, लेकिन कई अहम मैचों में उन्होंने रन बनाए।
4. सुयश शर्मा
कोलकाता नाइट राइडर्स के पास शायद मिस्ट्री स्पिनर तलाशने की मशीन है। सुनील नरेन के बाद उन्होंने वरुण चक्रवर्ती और अब आईपीएल 2023 में सुयश शर्मा को इंट्रोड्यूस किया। सुयश ने 11 मैचों में 10 विकेट लिए, लेकिन सभी को प्रभावित करने का काम किया।
5. जितेश शर्मा
पंजाब किंग्स के विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा ने इस सीजन भी सभी को प्रभावित किया। आईपीएल से पहले उनको टीम इंडिया में जगह मिली थी, लेकिन वे अभी भी अनकैप्ड इंडियन प्लेयर ही हैं। उन्होंने पीबीकेएस के लिए 14 मैचों में 309 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 156 से ज्यादा का था।
