श्रीलंका ने रचा नायाब इतिहास, पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका का रिकॉर्ड टूटा, एशिया कप में ऐसा करने वाली दूसरी टीम
Sri Lanka vs Bangladesh Asia Cup 2023: श्रीलंका ने एशिया कप 2023 में बांग्लादेश के खिलाफ विजयी परचम फहराया। श्रीलंका टीम ने बांग्लादेश को हराते ही रिकॉर्ड्स बुक में अपना नाम दर्ज करवा लिया।

दासुन शनाका की अगुवाई वाली श्रीलंका टीम ने शनिवार को एशिया कप 2023 में बांग्लादेश के खिलाफ 21 रन से मुकाबला जीता। बांग्लादेश की सुपर-4 राउंड में यह लगातार दूसरी हार थी और शाकिब ब्रिगेड टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर है। बांग्लादेश ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी और श्रीलंका ने 257/9 का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। बांग्लादेश का लक्ष्य का पीछा करते हुए 48.1 ओवर में 236 रन पर बोरिया बिस्तर बंध गया। शनाका, महीश थीक्षाना और मथीशा पथिराना ने तीन-तीन शिकार किए। श्रीलंका ने एक नायाब इतिहास रच डाला है।
बता दें कि श्रीलंका लगातार सबसे ज्यादा वनडे जीतने वाली दूसरी टीमों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। श्रीलंका जून 2023 से लेकर अब तक लगातार 13 वनडे मैच अपने नाम कर चुकी है। श्रीलंका ने पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका का रिकॉर्ड तोड़ा है। दोनों ने 12-12 वनडे में लगातार विजयी परमचम फहाराना का कारनामा अंजाम दिया। पाकिस्तान ने नवंबर 2007 से जून 2008 तक और दक्षिण अफ्रीका ने फरवरी 2005 से अक्टूबर 2005 तक ऐसा किया। इस लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया टॉप पर है, जिसने जनवरी 2003 से मई 2003 तक 21 मैचों में जीत हासिल की।
वनडे में लगातार सबसे ज्यादा जीत
21 - ऑस्ट्रेलिया (जनवरी 2003 - मई 2003)
13* - श्रीलंका (जून 2023 - जारी)
12 - पाकिस्तान (नवंबर 2007 - जून 2008)
12 - दक्षिण अफ्रीका (फरवरी 2005 - अक्टूबर 2005)
श्रीलंका इसके अलावा वनडे एशिया कप में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा मैच जीते के मामले में भी रिकॉर्ड बुक में एंट्री कर ली है। श्रीलंका और पाकिस्तान ने एशिया कप में बांग्लादेश के विरुद्ध 13-13 मैच अपने नाम किए हैं। श्रीलंका ने 15 जबकि पाकिस्तान ने 14 मैचों में बांग्लादेश के सामने इतनी जीत दर्ज कीं। वहीं, टीम इंडिया को बांग्लादेश के खिलाफ 12 मुकाबलों में 11 बार जीत नसीब हुई है।
वनडे एशिया कप में किसी टीम के खिलाफ सबसे अधिक जीते गए मैच
13 - श्रीलंका बनाम बांग्लादेश (15 मैच)
13 - पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश (14 मैच)
11 - भारत बनाम बांग्लादेश (12 मैच)
10 - श्रीलंका बनाम भारत (19 मैच)
10 - श्रीलंका बनाम पाकिस्तान (14 मैच)
