फोटो गैलरी

Hindi News क्रिकेटशुभमन गिल ने छठा वनडे शतक ठोककर बनाए 6 रिकॉर्ड, कोहली और बाबर को इस मामले में पछाड़ा

शुभमन गिल ने छठा वनडे शतक ठोककर बनाए 6 रिकॉर्ड, कोहली और बाबर को इस मामले में पछाड़ा

Shubman Gill 6th ODI Century Records: शुभमन गिल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में शानदार बैटिंग की और छठा वनडे शतक जमाया। उन्होंने रिकॉर्ड्स बुक में अपना नाम दर्ज करवा लिया है।

शुभमन गिल ने छठा वनडे शतक ठोककर बनाए 6 रिकॉर्ड, कोहली और बाबर को इस मामले में पछाड़ा
Md.akram लाइव हिंदुस्तान टीम,नई दिल्लीSun, 24 Sep 2023 05:55 PM
ऐप पर पढ़ें

टीम इंडिया के ओपनर शुभमन गिल इन दिनों शानदार फॉर्म में हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में अर्धशशतकीय पारी खेलने वाले गिल ने रविवार को दूसरे वनडे में शतक ठोका। उन्होंने 97 गेंदों में 6 चौकों और 4 छक्कों की बदौलत 104 रन बनाए। गिल ने श्रेयस अय्यर (105) के साथ दमादार साझेदारी की। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 200 रन जोड़े। गिल के वनडे करियर का यह छठा शतक है। गिल ने इस सेंचुरी के साथ 6 रिकॉर्ड बनाए।

गिल सबसे कम पारियों में 6 वनडे सेंचुरी लगाने वाले भारतीय प्लेयर बन गए हैं। उन्होंने महज 35 पारियों में यह कारनामा अंजाम दिया। वहीं, शिखर धवन ने 46, केएल राहुल ने 53 और विराट कोहली ने 61 वनडे पारियों में ऐसा किया था। गिल साथ ही शुरुआती 35 वनडे पारियों में सर्वाधिक रन बटोरने वाले खिलाड़ी बन चुके हैं। गिल ने इस दौरान 1917 रन जोड़े। उनके बाद इस लिस्ट में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज हाशिम अमला (1844), पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम (1758), दक्षिण अफ्रीका के वैन डेर डुसेन (1679) और पाकिस्तानी ओपनर फखर जमान (1642) हैं।

गिल ने 24 साल की उम्र में 9वीं इंटरनेशनल सेंचुरी बनाई है। उन्होंने 24 साल की उम्र में भारत के लिए सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ने के मामले में वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह और रवि शास्त्री जैसे जिग्गजों की बराबरी कर ली है। दूसरी ओर, इस उम्र में कोहली ने 21 और महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने 30 सैकड़े बना दिए थे। गिल साल 2023 में सबसे अधिक शतक लगाने वाले प्लेयर हैं। उन्होंने अब तक 7 हंड्रेड बनाए हैं। गिल के बाद इस सूची में कोहली (5), तेम्बा बावुमा (4), डेवोन कॉनवे (4), डेरिल मिशेल और नजमुल हुसैन शान्तो (4) हैं।

गिल सबसे तेज 6 वनडे शतक लगाने वाले खिलाड़ियों की फेहरिस्त में संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। उनके अलावा दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक ने 35 पारियों में इतनी सेंचुरी जमाईं। इस लिस्ट में शीर्ष पर इमाम उल हक (21 पारी) हैं जबकि उपुल थरंगा (29 पारी) दूसरे, बाबर आजम (32 पारी) तीसरे और हाशिम अमला (34 पारी) चौथे नंबर पर हैं। गिल ने एक रिकॉर्ड अय्यर के साथ मिलकर बनाया। गिल और अय्यर ने घरेलू मैदान पर भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया वनडे में सबसे बड़ी साझेदारी की है। इससे पहले यह रिकॉर्ड सचिन और वीवीएस लक्ष्मण के नाम था, जिन्होंने 2001 में इंदौर में 199 रन की पार्टनरशिप की।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें