IND vs AUS: शुभमन गिल बने साल 2023 के 'सिक्सर किंग', रोहित शर्मा छूट गए पीछे
Shubman Gill in India vs Australia 2nd ODI: भारत के स्टार सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में एक खास उपलब्धि अपने नाम की। उन्होंने 'हिटमैन' रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा।

टीम इंडिया के स्टार सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल का एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जमकर बल्ला चला। उन्होंने रविवार को दूसरे वनडे में कंगारुओं की खूब बखिया उधेड़ी। उन्होंने 97 गेंदों में 6 चौकों और 4 छक्कों के जरिए 104 रन जुटाए। गिल ने इस दौरान एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। वह 'हिटमैन' रोहित शर्मा को पछाड़कर साल 2023 में भारत के लिए सबसे ज्यादा इंटरनेशनल छक्के जड़ने वाले क्रिकेटर बन गए हैं।
कप्तान रोहित ने इस साल अब तक 43 सिक्स मारे हैं। वहीं, गिल को रोहित का रिकॉर्ड तोड़न के लिए आज अपनी पारी में दो छक्कों की जरूरत थी। गिल ने कैमरन ग्रीन द्वारा डाले गए 10वें ओवर की पांचवीं गेंद पर जैसे ही छक्का मारा तो रोहित पीछे छूट गए। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे वनडे में टॉस जीतर बॉलिंग चुनी। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कई फेरबदल किए। नियमित कप्तान पैट कमिंस की जगह स्टीव स्मिथ ने कमान संभाली।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। पहले वनडे में अर्धशतकीय पारी खेलने वाले ऋतुराज गायकवाड़ महज 8 रन जोड़कर पवेलियन लौटे। उन्होंने 12 गेंदें खेलीं और 2 चौके जड़े। गायकवाड़ को जोश हेजलवुड ने चौथे ओवर की चौथी गेंद पर विकेटीकपर एलेक्स कैरी के हाथों कैच कराया।
गायकवाड़ के जाने के बाद गिल और श्रेयस अय्यर ने जबर्दस्त अंदाज में मोर्चा संभाला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 200 रन की साझेदारी की। यह साझेदारी 31वें ओवर में अय्यर के आउट होने के बाद टूटी। अय्यर सीन एबॉट का शिकार बने। उन्होंने 90 गेंदों में 11 चौकों और 3 छक्कों के दम पर 105 रन की पारी खेली। गिल को कैमरून ग्रीन ने 35वें ओवर में अपने जाल में फंसाया।
